IND vs ZIM T20I: 'ये एकतरफा सीरीज नहीं होगी', भारत को सिकंदर रजा की खुली चुनौती
स्पोर्ट्स डेस्क: भारत और जिम्बाब्वे के बीच 23 जुलाई से शुरू होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज से पहले जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने बड़ा बयान देकर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। रजा का मानना है कि यह सीरीज बिल्कुल भी एकतरफा नहीं होगी, क्योंकि दोनों टीमें बदलाव के दौर से गुजर रही हैं और दोनों के पास सीरीज जीतने का बराबर मौका है।
'दोनों टीमों के पास सीरीज जीतने का बराबर मौका'
स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत में सिकंदर रजा ने कहा, 'दोनों देशों के पास यह सीरीज जीतने का बराबर मौका है। लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि जिम्बाब्वे लगातार अच्छा और मनोरंजक क्रिकेट खेल रहा है, इसलिए यह सीरीज दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक रहने वाली है।' उन्होंने आगे कहा, 'जहां तक जीत और हार का सवाल है, दोनों टीमों के पास सीरीज जीतने का समान अवसर है।'
'भारत ही नहीं, जिम्बाब्वे भी बदलाव के दौर में'
रजा का मानना है कि सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि उनकी टीम भी ट्रांजिशन फेज से गुजर रही है। 'भारत बदलाव के दौर से गुजर रहा है और किसी हद तक जिम्बाब्वे में भी बदलाव हो रहे हैं। इसलिए मुझे यह बिल्कुल भी एकतरफा सीरीज नहीं लगती।'
भारत के लिए आसान नहीं होगी चुनौती
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम हाल ही में आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज हार चुकी है। इंग्लैंड ने भारत को 4-0 से हराकर आईसीसी टी20 रैंकिंग में भी शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। ऐसे में टीम इंडिया इस सीरीज में वापसी के इरादे से उतरेगी।
23 जुलाई से होगी सीरीज की शुरुआत
भारत और जिम्बाब्वे के बीच
पहला टी20 मुकाबला: 23 जुलाई
दूसरा टी20: 25 जुलाई
तीसरा टी20: 26 जुलाई को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा।
भारत बनाम जिम्बाब्वे टी20 हेड-टू-हेड
भारत और जिम्बाब्वे के बीच यह चौथी द्विपक्षीय टी20 सीरीज होगी।
2010: भारत 2-0 से विजेता
2015: सीरीज 1-1 से बराबर
2016: भारत 2-1 से विजेता
2024: भारत 4-1 से विजेता
टी20 विश्व कप 2026 में दोनों टीमों की आखिरी भिड़ंत में भारत ने 256/4 का विशाल स्कोर बनाकर 72 रन से जीत दर्ज की थी। हालांकि जिम्बाब्वे के सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट ने नाबाद 97 रन की शानदार पारी खेलकर प्रभावित किया था।
ब्रायन बेनेट शानदार फॉर्म में
ब्रायन बेनेट 2026 में जिम्बाब्वे के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 9 मैचों में 394 रन, 78.80 की औसत और तीन अर्धशतक लगाए हैं।
दोनों टीमों की टी20 स्क्वॉड
भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), रवि बिश्नोई।
जिम्बाब्वे: सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, बेन करन, ब्रैड इवांस, क्लाइव मदांडे (विकेटकीपर), टिनोटेंडा मापोसा, तदिवानाशे मरुमानी, वेलिंग्टन मसाकाद्जा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्लेसिंग मुजराबानी, डियोन मायर्स, रिचर्ड नगारावा, न्यूमैन न्यामहुरी, मिल्टन शुंबा।