8.4 करोड़ रुपये से 95 लाख तक, 3 साल में समीर रिजवी की जिंदगी में आए कई उतार-चढ़ाव
Sameer Rizvi: पिछले 3 सालों में समीर रिजवी का क्रिकेट करियर उतार-चढ़ाव से भरा रहा है. एक समय IPL में 8.4 करोड़ की बड़ी बोली पाने वाले रिजवी अब 95 लाख तक आ गए, लेकिन उनकी मेहनत और प्रदर्शन ने उन्हें फिर चर्चा में ला दिया है. दिल्ली कैपिटल्स के लिए वह लगातार धूम मचा रहे हैं.
Sameer Rizvi: क्रिकेट में साल दर साल बहुत बड़े बदलाव देखने को मिलते हैं. समीर रिजवी के साथ भी ऐसा कुछ हुआ. पिछले 3 साल ने समीर से लगभग सब कुछ छीन ही लिया था. चेन्नई के लिए 8.4 करोड़ रुपये की बड़ी खरीद से लेकर 1 करोड़ रुपये से भी कम कीमत तक रिटेन होने वाले रिजवी ने काफी कुछ गंवाया है. हालांकि, रिजवी ने चर्चाओं पर ध्यान देने के बजाय अपना सारा ध्यान रन बनाने पर केंद्रित किया. मेरठ के 22 वर्षीय रिजवी इस आईपीएल सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के अभियान को अपने दमदार प्रदर्शन से रोशन कर रहे हैं, जिसे नजरअंदाज करना मुश्किल है. शनिवार को मुंबई के बेहतरीन गेंदबाजों शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर और मिशेल सेंटनर को खूब धोया. मेरठ के इस लड़के ने विपक्षी टीम पर जमकर हमला बोला.
सुरेश रैना से होती है तुलना
समीर रिजवी की तुलना सुरेश रैना के साथ तुलना पहले ही की जा चुकी है. उनका इरादा, स्पिन के खिलाफ सहजता और बड़े मौकों पर अच्छा प्रदर्शन करने की उनकी ललक. शनिवार को 90 रनों की बड़ी पारी खेल उन्होंने दिल्ली की मुंबई पर 6 विकेट से जीत में अहम भूमिका निभाई और ऑरेंज कैप भी अपने पास ले लिया, जो पहले रोहित शर्मा के पास था. दिल्ली के दोनों मैचों में उन्होंने इंपैक्ट प्लेयर के रूप में बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा और दोनों ही मुकाबलों में दिल्ली जीता.
Statement knock 💙👊 pic.twitter.com/BZjUlcq1jq
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) April 4, 2026
दीपक चाहर ने की समीर रिजवी की तारीफ
मुंबई के गेंदबाज दीपक चाहर ने रिजवी के बारे में कहा, ‘मुझे लगता है कि उनमें क्षमता है. जब सीएसके ने उन्हें खरीदा था, तब वे उनकी इस काबिलियत को जानते थे. इसलिए जाहिर है, क्षमता तो हमेशा से ही मौजूद थी. अब अनुभव के साथ वे और बेहतर हो गए हैं. मैंने आईपीएल में देखा है कि आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी है. आईपीएल में चुने गए हर खिलाड़ी में कौशल होता है. तो अब मुझे लगता है कि उनमें आत्मविश्वास आ गया है.’ पहले लखनऊ के खिलाफ 47 गेंदों में नाबाद 70 रन. फिर मुंबई के खिलाफ 51 गेंदों में 90 रनों की तूफानी पारी खेल रिजवी ने खुद को साबित कर दिया.
यूपी टी20 लीग में लौटा आत्मविश्वास
इस बदलाव की सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसकी शुरुआत आईपीएल की चकाचौंध से नहीं, बल्कि यूपी टी20 लीग की कड़ी मेहनत से हुई. वहां समीर ने 2025 में लगभग 500 रन और उससे पिछले साल 400 से अधिक रन बनाए. उन्होंने एक क्रिकेटर के रूप में खुद को पूरी तरह से स्थापित किया. फिर इस सीजन में दिल्ली ने उन्हें मात्र 95 लाख रुपये में खरीद लिया. चेन्नई में आठ पारियों में 51 रन बनाने का उनका प्रदर्शन दागदार था, लेकिन अब दिल्ली के लिए उनके प्रदर्शन ने सभी को चौंका दिया है. वो स्पिन गेंदों का सामना करने के लिए जाने जाते थे. मुंबई के खिलाफ उन्होंने दिखाया कि वो तेज गेंदबाजों के सामने भी उतने ही सहज हैं.