'वो जरूर वापसी करेंगे', रोहित शर्मा के संन्यास की अटकलों के बीच मोर्ने मोर्कल ने जताया पूरा भरोसा
स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेले जाने वाले निर्णायक तीसरे वनडे से पहले रोहित शर्मा के संन्यास को लेकर चल रही अटकलों के बीच भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने उनका खुलकर समर्थन किया है। मोर्कल ने कहा कि रोहित शर्मा पहले भी मुश्किल दौर से शानदार वापसी कर चुके हैं और उन्हें पूरा भरोसा है कि इस बार भी ऐसा ही होगा। इससे पहले बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया भी साफ कर चुके हैं कि रोहित के संन्यास की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।
रोहित के समर्थन में उतरे मोर्कल
दूसरे वनडे में रोहित शर्मा 47 गेंदों पर सिर्फ 26 रन बना सके थे। इससे पहले पहले मैच में भी वह 11 रन ही बना पाए थे। लगातार खराब प्रदर्शन के बाद उनके भविष्य और 2027 वनडे वर्ल्ड कप को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।
हालांकि, मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोर्ने मोर्कल ने इन अटकलों को ज्यादा महत्व नहीं दिया। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड की परिस्थितियों में नई गेंद का सामना करना हर बल्लेबाज के लिए चुनौतीपूर्ण रहा है और रोहित जैसे अनुभवी खिलाड़ी जानते हैं कि ऐसे दौर से कैसे बाहर निकलना है।
'रोहित बल्लेबाजी में सुकून लेकर आते हैं'
मोर्कल ने कहा, 'मुझे पूरा भरोसा है कि रोहित वापसी करेंगे। उन्होंने पहले भी ऐसा किया है। वह बल्लेबाजी क्रम में एक अलग तरह का सुकून लेकर आते हैं। जिस तरह से वह अपनी तैयारी कर रहे हैं, उसे लेकर हमें किसी तरह की चिंता या परेशानी नहीं है।' उन्होंने यह भी कहा कि रोहित का अनुभव भारतीय टीम के लिए बेहद अहम है और उनकी मौजूदगी बाकी बल्लेबाजों का आत्मविश्वास भी बढ़ाती है।
2027 वर्ल्ड कप को लेकर तेज हुई थीं अटकलें
हाल के दिनों में ऐसी रिपोर्ट्स सामने आई थीं कि चयनकर्ता 2027 वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए युवा खिलाड़ियों को मौका देना चाहते हैं और यशस्वी जायसवाल को भविष्य के ओपनर के तौर पर तैयार किया जा रहा है। इन्हीं खबरों के बीच यह भी दावा किया गया कि लॉर्ड्स वनडे रोहित का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला हो सकता है।
बीसीसीआई ने भी किया था साफ
इन अटकलों के बीच बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने पीटीआई से बातचीत में साफ कहा था कि रोहित शर्मा के संन्यास की खबरें पूरी तरह बेबुनियाद हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि रोहित भारतीय टीम की योजनाओं का हिस्सा हैं और जब तक चयनकर्ता उचित समझेंगे, वह टीम इंडिया के लिए खेलते रहेंगे।