ऋतुराज गायकवाड़ को मिली कप्तानी की जिम्मेदारी, टीम में पृथ्वी शॉ की भी हुई वापसी

NewsNationTv NaN days ago
Rituraj Gaikwad
Rituraj Gaikwad

Duleep Trophy 2026: भारतीय टीम से लंबे समय से बाहर चल रहे बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है. गायकवाड़ को दलीप ट्रॉफी 2026 के लिए वेस्ट जोन टीम का कप्तान बनाया गया है. वहीं, पृथ्वी शॉ को भी टीम में शामिल किया गया है. यह टूर्नामेंट दोनों खिलाड़ियों के लिए टीम इंडिया का दरवाजा खोल सकता है. टीम में ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर, सरफराज खान, शम्स मुलानी, तनुष कोटियन और तुषार देशपांडे जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को भी मौका मिला है.

ऋतुराज गायकवाड़ करेंगे कप्तानी

दलीप ट्रॉफी का आगाज 23 अगस्त से होगा. इस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में वेस्ट जोन की टीम का सामना नॉर्थ जोन से होगा. ऋतुराज गायकवाड़ पिछले काफी वक्त से लगातार टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं. उन्होंने कई बार भारत की वनडे टीम में जगह बनाने की कोशिश की. पिछले साल 2025 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में गायकवाड़ को टीम इंडिया में जगह मिली थी. पहले मैच में उन्होंने सिर्फ 8 रन बनाए थे, लेकिन दूसरे वनडे मैच में ऋतुराज गायकवाड़ ने शानदार शतक लगाया था. हालांकि इसके बाद तीसरे वनडे मैच में उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला. इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था, क्योंकि टीम में उनकी जगह नहीं बनी. दरअसल शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर की वापसी हुई थी.

गायकवाड़ लगातार टीम इंडिया से हो रहे हैं बाहर

इसके बाद हाल में श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए के बीच खेली गई ट्राई सीरीज की शुरुआती मैचों में ऋतुराज गायकवाड़ इंडिया ए के स्क्वाड में शामिल नहीं किया गया था. रियान पराग चोटिल होने के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे. उनकी जगह गायकवाड़ को स्क्वाड में शामिल किया गया. टेस्ट में भी उन्हें जगह नहीं मिल रही है. टीम इंडिया के लिए उनका अब तक टेस्ट डेब्यू नहीं हुआ है. उन्हें साल 2023 में वेस्टइंडीज दौरे के लिए पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया था, लेकिन डेब्यू का मौका नहीं मिला था.