रणवीर सिंह के 'डॉन 3' विवाद पर प्रोड्यूसर्स गिल्ड सख्त, कहा- कलाकारों का ऐसा बर्ताव बर्दाश्त नहीं
khaskhabar.com: बुधवार, 03 जून 2026 3:55 PM
मुंबई । फिल्म निर्माताओं के संगठन 'प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया' ने एक्टर रणवीर सिंह के फिल्म 'डॉन-3' और उससे जुड़े विवाद को देखते हुए बुधवार को नया बयान जारी किया है। शिबाशीष सरकार के नेतृत्व वाले इस संगठन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने कलाकारों के ऐसे गैर जिम्मेदाराना बर्ताव की आलोचना की। इससे पूरी फिल्म इंडस्ट्री पर बुरा असर पड़ता है। उन्होंने लिखा, "हाल ही में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जहां कलाकार, निर्देशक और तकनीशियन अपनी तय प्रतिबद्धताओं से आखिरी समय पर पीछे हट रहे हैं। प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया को अपने सदस्य एक्सेल एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड और पैनोरमा स्टूडियोज इंटरनेशनल लिमिटेड से भी इस संबंध में औपचारिक शिकायतें मिली हैं। ये समस्याएं फिल्मों की मुख्य शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले सामने आईं।"
प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने अपने बयान में जोड़ते हुए बताया कि इस तरह की घटनाओं से किसी भी फिल्म की ब्रांड वैल्यू को नुकसान पहुंचता है। साथ ही उन सैकड़ों तकनीशियनों और क्रू सदस्यों की आजीविका भी प्रभावित होती है, जो इन परियोजनाओं पर निर्भर रहते हैं।
उन्होंने लिखा, "गिल्ड यह भी स्पष्ट करना चाहता है कि वह हमेशा निष्पक्ष और स्वतंत्र कारोबारी माहौल का समर्थन करता है। कंटेंट निर्माण की प्रक्रिया में किसी भी तरह की रुकावट या बाधा को बढ़ावा देना उचित नहीं है। ऐसा कोई भी रवैया अनैतिक है और फिल्म निर्माण समुदाय की सहयोगात्मक भावना को नुकसान पहुंचाता है। हम सभी पक्षों से अपील करते हैं कि वे अपने विवादों को आपसी समझ और सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझाएं। गिल्ड हमेशा फिल्म बिरादरी के हितों की रक्षा के लिए प्रयासरत रहेगा।"
--आईएएनएस
Web Title-Producers Guild takes a tough stand on Ranveer Singh Don 3 controversy, saying such behavior by artists will not be tolerated.