RR vs GT: कांटे की टक्कर में राजस्थान ने गुजरात को हराया, रवि बिश्नोई का जलवा

Prabhat Khabar NaN days ago

RR vs GT: स्पिनर रवि बिश्नोई की शानदार 4 विकेट के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने एक कांटे की टक्कर में गुजरात टाइटंस को 6 रनों से हरा दिया. 210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की टीम 6 रन पीछे रह गई, हालांकि ओपनर साई सुदर्शन ने बेजोड़ 73 रनों की पारी खेली.

विकेट चटकाने के बाद रवि बिश्नोई.

RR vs GT: रहस्यमयी स्पिनर रवि बिश्नोई के स्पिन के जादू में गुजरात टाइटंस की टीम फंस गई और शनिवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ कांटे की टक्कर वाले मुकाबले में 6 रनों से हार गई. राजस्थान के स्पिनर रवि बिश्नोई ने कुल 4 विकेट चटकाए और साई सुदर्शन की 44 गेंदों पर 73 रनों की पारी बेकार कर दी. बल्लेबाजों के फ्लॉप होने के बाद कगिसो रबाडा और राशिद खान ने टीम को जीत के करीब पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन उनका प्रयास कामयाब नहीं हो पाया. 20वें ओवर में राशिद खान आउट हुए और उनकी टीम 6 रन से हार गई. शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में राशिद के हाथों में ही टीम की कमान थी.

साई सुदर्शन की बड़ी पारी बेकार

गुजरात के ओपनर साई सुदर्शन ने शानदार खेल दिखाया और टीम के लिए 73 रनों की बेजोड़ पारी खेली. हालांकि दूसरे छोर से किसी और ने उनका ज्यादा देर तक साथ नहीं दिया. 3 छक्के और 9 चौके जड़ चुके सुदर्शन को बिश्नोई ने ही आउट किया. इसके बाद उन्होंने ग्लेन फिलिप्स, वॉशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया के महत्वपूर्ण विकेट निकाले. अंत में दो गेंद पर जब 7 रनों की जरूरत थी, तब राशिद आउट हुए और उनकी टीम 6 रनों से हार गई. रबाडा ने 16 गेंद पर 23 रन बनाए और राशिद ने भी उतनी ही गेंद पर 24 रनों की पारी खेली, जिसमें 3 चौके थे.

जायसवाल-जुरेल की फिफ्टी से RR का स्कोर 200 के पार

पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की टीम ने यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल के अर्धशतकों की बदौलत 210/6 का एक मजबूत स्कोर खड़ा किया. भले ही गुजरात के गेंदबाजों ने आखिर में वापसी करने की कोशिश की, लेकिन तब तक बल्लेबाजों ने अपना काम कर दिया था. रॉयल्स की शुरुआत शानदार रही, जब उनके सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने तीन ओवरों में टीम का स्कोर 32/0 तक पहुंचा दिया. अगले तीन ओवरों में भी रनों की बारिश जारी रही और पहले सीजन के चैंपियन ने अपना पावर प्ले 69/0 के स्कोर पर खत्म किया. ठीक अगले ही ओवर में, स्टैंड इन कप्तान राशिद खान ने खतरनाक दिख रहे वैभव सूर्यवंशी को आउट कर दिया. 15 साल के इस खिलाड़ी ने 18 गेंदों में 31 रनों की तेज पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 1 छक्का शामिल था.

जुरेल को सिराज ने रोका

10 ओवर खत्म होने के बाद, रॉयल्स 97/1 के मजबूत स्कोर पर पहुंच गए. मोहम्मद सिराज के 12वें ओवर की दूसरी गेंद पर, सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. हालांकि, जायसवाल की पारी अगले ही ओवर में, तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने खत्म कर दी. जायसवाल 36 गेंदों में 55 रन के स्कोर पर आउट हुए. उनकी पारी में तीन गगनचुंबी छक्के और छह चौके शामिल थे. 15 ओवर खत्म होने के बाद, 2008 के चैंपियन टीम का स्कोर 160/3 था. आखिर में, 20वें ओवर में मोहम्मद सिराज के खिलाफ जुरेल आउट हो गए. इस विकेटकीपर-बल्लेबाज ने 42 गेंदों में 75 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 5 छक्के शामिल थे. इसकी मदद से रॉयल्स 210/6 का एक चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में सफल रही.