Vaibhav Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी की ब्रांड वैल्यू में हुआ इजाफा, अब एक डील के दोगुने पैसे मिल रहे
By: सौरभ मिश्रा
Vaibhav Sooryavanshi Endorsement Fee: आईपीएल 2026 में अपने धमाकेदार प्रदर्शन से पूरे क्रिकेट जगत का ध्यान खींचने वाले राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अब मैदान के साथ-साथ विज्ञापन जगत में भी बड़ा नाम बनते जा रहे। महज 15 साल की उम्र में वैभव की लोकप्रियता इतनी बढ़ गई है कि उनकी ब्रांड एंडोर्समेंट फीस लगभग दोगुनी हो गई।
बिहार के इस युवा बल्लेबाज ने आईपीएल 2026 में 776 रन बनाकर शानदार छाप छोड़ी। पूरे टूर्नामेंट में उनका स्ट्राइक रेट 237.30 रहा, जिसने क्रिकेट फैंस और विशेषज्ञों को हैरान कर दिया। इसी प्रदर्शन की बदौलत उन्होंने ऑरेंज कैप, मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर समेत कई बड़े पुरस्कार अपने नाम किए।
वैभव फिलहाल राजस्थान रॉयल्स के साथ 1.10 करोड़ रुपये के सालाना कॉन्ट्रैक्ट पर जुड़े हुए हैं। हालांकि आईपीएल नियमों के अनुसार उनकी सैलरी में बदलाव के लिए उन्हें अभी एक और सीजन का इंतजार करना पड़ सकता है। लेकिन उनकी बढ़ती लोकप्रियता ने विज्ञापन बाजार में उनकी कीमत जरूर बढ़ा दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले वैभव एक ब्रांड डील के लिए करीब 1 करोड़ रुपये चार्ज कर रहे थे। उन्होंने कॉम्प्लान और रेड बुल जैसे बड़े ब्रांड्स के साथ इसी कीमत पर करार किए थे। लेकिन अब उनकी फीस बढ़कर 1.5 करोड़ से 2 करोड़ रुपये प्रति डील तक पहुंच गई है।
सूत्रों का कहना है कि कई बड़ी कंपनियां वैभव को अपने ब्रांड से जोड़ने के लिए लगातार संपर्क कर रही हैं। फिलहाल उनके ब्रांड पोर्टफोलियो को उनके माता-पिता संभाल रहे हैं, जबकि राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी भी इस मामले में परिवार की मदद कर रही है।
वैभव की विस्फोटक बल्लेबाजी ने उन्हें भारतीय क्रिकेट का नया सुपरस्टार बना दिया है। कुछ क्रिकेट विशेषज्ञ तो यहां तक मानते हैं कि अगर भविष्य में वह IPL नीलामी में उतरते हैं तो उन्हें 30 करोड़ रुपये तक की बोली मिल सकती है।
हालांकि क्रिकेट जगत के कई दिग्गजों का मानना है कि वैभव के सामने अभी लंबा करियर पड़ा है। उनकी तुलना सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और सुनील गावस्कर जैसे महान खिलाड़ियों से की जाने लगी है, लेकिन इतनी कम उम्र में बढ़ती लोकप्रियता और व्यावसायिक अवसरों को संभालना भी उनके लिए बड़ी चुनौती होगी। फिलहाल इतना तय है कि IPL 2026 ने वैभव सूर्यवंशी को सिर्फ क्रिकेट का नहीं, बल्कि विज्ञापन जगत का भी उभरता हुआ सितारा बना दिया है