13 साल का इंतजार खत्म, ईस्ट जोन बना दलीप ट्रॉफी चैंपियन, इनाम में मिला इतना पैसा
Duleep Trophy Final 2026: दलीप ट्रॉफी 2026-27 के फाइनल मुकाबले में ईस्ट जोन ने साउथ जोन को एकतरफा अंदाज में हरा दिया. इसी के साथ ईस्ट जोन ने 13 साल के एक लंबे इंतजार को खत्म किया.
Duleep Trophy Final 2026: चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए दलीप ट्रॉफी 2026-27 के फाइनल मुकाबले में ईस्ट जोन ने इतिहास रच दिया है. ईशान किशन की कप्तानी में टीम ने साउथ जोन के खिलाफ पहली पारी में मिली विशाल 372 रनों की बढ़त के आधार पर खिताब अपने नाम कर लिया. भले ही पांच दिन का फाइनल मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ, लेकिन नियमों के मुताबिक पहली पारी की लीड के चलते ईस्ट जोन को आधिकारिक चैंपियन घोषित किया गया. इस खिताबी जीत के साथ ही ईस्ट जोन ने 13 साल लंबे इंतजार को खत्म करते हुए इतिहास में तीसरी बार दलीप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया. विजेता टीम को चमचमाती ट्रॉफी के साथ 1 करोड़ रुपए की प्राइज मनी से नवाजा गया.
पहली पारी में 708 का पहाड़ और कप्तान के 270 रन
फाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ईस्ट जोन की टीम ने पहली पारी में 708 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. इस दौरान कप्तान ईशान किशन ने बल्ले से कहर बरपाया और 270 रनों की ऐतिहासिक मैराथन पारी खेली. इसके जवाब में साउथ जोन की मजबूत बल्लेबाजी लाइन-अप पहली पारी में महज 336 रनों पर ढेर हो गई. फिर 372 रनों की भारी बढ़त हासिल करने के बाद ईशान किशन के पास साउथ जोन को फॉलोऑन देने का मौका था, लेकिन उन्होंने समझदारी दिखाते हुए दोबारा बल्लेबाजी का फैसला किया.
ईस्ट जोन ने अपनी दूसरी पारी में 7 विकेट पर 388 रन बनाकर मैच को सुरक्षित ड्रॉ की ओर धकेल दिया और खिताबी जीत सुनिश्चित कर ली. पहली पारी में ईशान किशन के अलावा कुमार कुशाग्रा ने भी 101 रनों की कमाल की पारी खेली. वहीं, मोहम्मद कौनाइन कुरैशी ने नाबाद 116 रन बनाकर सभी का ध्यान खींचा.
𝙏𝙝𝙖𝙩 𝙒𝙞𝙣𝙣𝙞𝙣𝙜 𝙁𝙚𝙚𝙡𝙞𝙣𝙜 🏆
Congratulations to the Ishan Kishan-led East Zone on winning their third #DuleepTrophy title 👏👏#EZvSZ | @ishankishan51 pic.twitter.com/u6D4UvOTEp
— BCCI Domestic (@BCCIdomestic) September 10, 2026
ईशान किशन का कप्तानी करिश्मा
ईशान किशन ने एक बार फिर घरेलू क्रिकेट में अपनी बेजोड़ कप्तानी और मैच-विनिंग काबिलियत का लोहा मनवाया है. ईस्ट जोन ने इससे पहले 2011/12 और 2012/13 में लगातार दो बार यह खिताब जीता था. अब 13 साल बाद टीम को यह गौरव ईशान की कप्तानी में मिला. ईशान को इस फाइनल में कमाल की बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. इससे पहले 2025 में जब उनकी कप्तानी में झारखंड ने पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब भी जीता था, तब भी वह फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच बने थे.
मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.