ICC का बड़ा फैसला: टेस्ट मैच के बीच रेड की जगह पिंक बॉल का इस्तेमाल, खेल के नियम भी बदलेंगे
By: सौरभ मिश्रा
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने अहमदाबाद में हुई बोर्ड बैठक के बाद क्रिकेट से जुड़े कई बड़े फैसलों का ऐलान किया। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा टेस्ट क्रिकेट में खराब रोशनी की समस्या से निपटने के लिए गुलाबी गेंद (पिंक बॉल) के इस्तेमाल के ट्रायल की हो रही। इसके अलावा महिला क्रिकेट, फ्रेंचाइजी क्रिकेट, नियमों में बदलाव और क्रिकेट कनाडा पर कार्रवाई जैसे कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं।
आईसीसी ने कहा है कि भविष्य में ऐसे टेस्ट मैचों में, जहां खराब रोशनी के कारण खेल प्रभावित होने की आशंका हो, वहां पिंक बॉल के इस्तेमाल का ट्रायल किया जाएगा। हालांकि इसके लिए मैच या सीरीज शुरू होने से पहले दोनों टीमों की सहमति जरूरी होगी। ICC का मानना है कि इससे खेल का समय बढ़ेगा और दर्शकों को ज्यादा क्रिकेट देखने को मिलेगा।
इसके साथ ही आईसीसी ने मैच अधिकारियों को अवैध गेंदबाजी एक्शन की जांच के दौरान हॉक-आई डेटा तक पहुंच देने की मंजूरी भी दी है। इससे संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन की समीक्षा और ज्यादा सटीक तरीके से की जा सकेगी।
खराब रोशनी की समस्या पर रिसर्च
आईसीसी ने यह भी घोषणा की कि वह मेरिलबोन क्रिकेट क्लब के साथ मिलकर नई लाइटिंग तकनीकों पर रिसर्च करेगा। इसका मकसद खराब रोशनी के कारण खेल रुकने की घटनाओं को कम करना है। आईसीसी और एमसीसी संयुक्त रूप से रिसर्च एवं डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स को फंड करेंगे।
खेल के नियमों में भी बदलाव
आईसीसी ने कुछ नए नियमों को भी मंजूरी दी है। अब टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 15 मिनट का निर्धारित अंतराल अनिवार्य होगा। ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान मुख्य कोच और उनके प्रतिनिधि खिलाड़ियों से रणनीति पर चर्चा कर सकेंगे। इसके अलावा खेल दोबारा शुरू होते ही बल्लेबाजों को तुरंत तैयार रहना होगा। लेग-साइड वाइड के ट्रायल नियम को स्थायी रूप से अपनाने का फैसला भी लिया गया है। एमसीसी के अन्य नए नियम 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगे।
फ्रेंचाइजी क्रिकेट पर ICC की नजर
दुनिया भर में तेजी से बढ़ रही फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीग्स को लेकर आईसीसी ने चिंता जताई है। बोर्ड ने एक विशेष समिति बनाने का फैसला किया है, जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर और फ्रेंचाइजी टूर्नामेंट के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर सुझाव देगी। आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने कहा कि क्रिकेट को निष्पक्ष, प्रतिस्पर्धी और रोमांचक बनाए रखने के लिए ये फैसले जरूरी हैं।
आईसीसी ने महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 की तारीखों में बदलाव करते हुए इसे जून-जुलाई की बजाय 14 से 28 फरवरी 2027 के बीच कराने का फैसला किया है। वहीं, महिला इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 को 10 टीमों के साथ आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा, पाकिस्तान में होने वाले महिला टी20 विश्व कप 2028 में भारत के मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू पर खेले जाएंगे।
आईसीसी ने गंभीर प्रशासनिक और गवर्नेंस उल्लंघनों के चलते क्रिकेट कनाडा की सदस्यता तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी है। हालांकि कनाडा की राष्ट्रीय टीमें आईसीसी टूर्नामेंट में हिस्सा लेती रहेंगी। ICC ने पुनर्बहाली के लिए कुछ शर्तें भी तय की हैं, जिनका पालन करना होगा।