PAK vs SL: टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान टीम में 2 दिग्गज खिलाड़ियों को नहीं मिली जगह, 3 नए चेहरों की एंट्री

Prabhat Khabar NaN days ago

पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए 14 सदस्यीय टीम घोषित की है. पूर्व कप्तान शान मसूद और मोहम्मद रिजवान जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को जगह नहीं मिली है, वहीं बाबर आजम को कप्तानी सौंपी गई है. देखें पूरी सूची.

पाकिस्तान की इस टीम में तीन ऐसे खिलाड़ियों को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है. वहीं सलमान अली आगा की भी टीम में वापसी हुई है.

पाकिस्तान ने बड़े नामों को दिखाया बाहर का रास्ता

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए चुनी गई टीम में पाकिस्तान ने अनुभव की जगह युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है. शान मसूद, मोहम्मद रिजवान और इमाम-उल-हक टीम से बाहर हैं.

रिजवान और इमाम इंग्लैंड दौरे के दौरान अपने आचरण को लेकर जांच के दायरे में हैं, जबकि शान मसूद को लेकर भी टीम से बाहर किए जाने की चर्चा चल रही थी. हालांकि, उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी टेस्ट में 90 रन की शानदार पारी खेली थी.

सलमान अली आगा की हुई वापसी

सलमान अली आगा, पाकिस्तान ऑलराउंडर (एक्स)
सलमान अली आगा, पाकिस्तान ऑलराउंडर (एक्स)

सलमान अली आगा की टीम में वापसी हुई है. इंग्लैंड के खिलाफ पाकिस्तान की पिछली विदेशी टेस्ट सीरीज के दौरान टीम से बाहर किए जाने के बाद सलमान ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया.

जारी प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी ग्रेड-1 में किंग्समेन अकादमी के लिए खेलते हुए उन्होंने एक तिहरा शतक और एक शतक जड़ा है. इस प्रदर्शन के बाद उन्हें दोबारा टेस्ट टीम में शामिल किया गया है.

3 खिलाड़ियों को पहली बार मिला मौका

पाकिस्तान ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले तीन अनकैप्ड खिलाड़ियों को टीम में जगह दी है. इनमें समीर मिन्हास, मोहम्मद ताहा और मोहम्मद सुलेमान शामिल हैं. मोहम्मद ताहा इस समय प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने सात मैचों में 730 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और 225 रन की बड़ी पारी भी शामिल है.

वहीं मोहम्मद सुलेमान के नाम 652 रन हैं, जबकि समीर मिन्हास ने टूर्नामेंट में 405 रन बनाए हैं. घरेलू क्रिकेट में इन खिलाड़ियों के लगातार अच्छे प्रदर्शन ने उन्हें पाकिस्तान की टेस्ट टीम में जगह दिलाई है.

अली उस्मान की भी टीम में वापसी

बाएं हाथ के स्पिनर अली उस्मान को भी टीम में वापस बुलाया गया है. उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट में टीम से बाहर रखा गया था. इससे पहले अगस्त में अली उस्मान ने हेडिंग्ले में पांच विकेट लेकर सुर्खियां बटोरी थीं. वह 1972 के बाद हेडिंग्ले में पांच विकेट लेने वाले पहले विदेशी खिलाड़ी बने थे.

मोहम्मद अब्बास पर भरोसा बरकरार

अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास को टीम में बनाए रखा गया है. पाकिस्तान के पिछले टेस्ट अभियान में उन्हें संयुक्त रूप से 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया था.

हालांकि, श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के लिए दो और तेज गेंदबाजों का चयन अभी बाकी है. इन खिलाड़ियों का फैसला 4 से 6 नवंबर के बीच इस्लामाबाद में होने वाले तीन दिवसीय अभ्यास मैच के बाद किया जाएगा. इस मुकाबले में पाकिस्तान के संभावित खिलाड़ी श्रीलंका की टेस्ट टीम के खिलाफ खेलेंगे.

कब और कहां होंगे पाकिस्तान-श्रीलंका टेस्ट?

पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 9 से 13 नवंबर तक रावलपिंडी में खेला जाएगा. इसके बाद दूसरा टेस्ट 17 से 21 नवंबर तक लाहौर में होगा. यह सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा है.

श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान टीम: बाबर आजम (कप्तान), अब्दुल्ला फजल, अली उस्मान, अराफात मिन्हास, अज़ान अवैस, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद गाजी घोरी (विकेटकीपर), मोहम्मद सुलेमान, मोहम्मद ताहा, रज़ाउल्लाह, साद बैग (विकेटकीपर), सलमान अली आगा, समीर मिन्हास और सऊद शकील.