विराट कोहली ने तोड़ा रोहित शर्मा का बड़ा रिकॉर्ड, बने इस खास लिस्ट के 'किंग'

Prabhat Khabar NaN days ago

Virat Kohli Record: आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ विराट कोहली ने बड़ा मुकाम हासिल किया है. अपनी 28 रनों की पारी के साथ कोहली आईपीएल इतिहास में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया है.

Virat Kohli Record in IPL 2026

Highlights

Virat Kohli Record: आईपीएल के 19वें सीजन का 11वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच खेला जा रहा है. बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी कर रही है. स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने इस मुकाबले में 18 गेंदों पर 28 रन बनाए. इसी के साथ उन्होंने टूर्नामेंट में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. उन्होंने रोहित शर्मा को पीछे छोड़ते हुए एक खास मुकाम हासिल कर लिया है.

विराट ने तोड़ा रोहित का खास रिकॉर्ड

विराट कोहली अब आईपीएल इतिहास में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की. इससे पहले यह रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था. इसी सीजन में रोहित ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अर्धशतक लगाकर विराट को पीछे छोड़ा था. लेकिन अब विराट ने सीएसके के खिलाफ रन बनाकर दोबारा नंबर एक का ताज पहन लिया है.

चेन्नई के खिलाफ बनाए कुल 1188 रन

विराट कोहली ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 36 मैचों में बेहतरीन बल्लेबाजी की है. इस दौरान उनके बल्ले से 10 अर्धशतक भी निकले हैं. इस पारी को मिलाकर उन्होंने चेन्नई के खिलाफ 1188 रन पूरे कर लिए हैं. दूसरी तरफ रोहित शर्मा ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 36 मैचों में 1161 रन बनाए हैं. रोहित ने अपनी इन पारियों में एक शतक और सात अर्धशतक लगाए हैं. विराट का बल्ला लगभग हर टीम के सामने चलता है. आज भी उन्होंने क्रीज पर आते ही तेजी से रन बनाना शुरू कर दिया था.

एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन

टूर्नामेंट में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप पांच खिलाड़ियों के आंकड़े इस प्रकार हैं:

  • विराट कोहली – 1188 रन (बनाम CSK)
  • रोहित शर्मा – 1161 रन (बनाम KKR)
  • विराट कोहली – 1159 रन (बनाम PBKS)
  • डेविड वॉर्नर – 1134 रन (बनाम PBKS)
  • विराट कोहली – 1130 रन (बनाम DC)

अंशुल कंबोज की गेंद पर कैच आउट हुए विराट

चेन्नई के खिलाफ इस मैच में विराट लंबी पारी नहीं खेल पाए. वह 18 गेंदों का सामना करने के बाद 28 रन बनाकर आउट हो गए. अपनी इस छोटी पारी में उन्होंने दो चौके और एक शानदार छक्का लगाया. चेन्नई के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज ने उन्हें अपना शिकार बनाया. कंबोज की एक अच्छी गेंद पर वह कैच आउट होकर पवेलियन लौट गए.

9000 रनों के करीब कोहली

विराट कोहली लीग के इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाज हैं. इस सीजन उनके पास 9000 रनों का आंकड़ा छूने का शानदार मौका है. ऐसा करने वाले वह दुनिया के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे. अभी तक उनके नाम कुल 8758 रन दर्ज हैं. इस जादुई आंकड़े तक पहुंचने के लिए उन्हें सिर्फ 242 रनों की और जरुरत है. मौजूदा 19वें सीजन में उन्होंने अब तक दो मैच खेले हैं और 97 रन बना चुके हैं.