अशोक शर्मा ने बताया क्या है उनका सपना, IPL 2026 में फेंकी थी सबसे तेज गेंद
जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में राजस्थान के तेज गेंदबाज अशोक शर्मा को पहली बार टीम इंडिया में जगह मिली है। उन्हें इस सीरीज में खेलने का मौका मिलेगा या नहीं, ये तो वक्त बताएगा, लेकिन इससे पहले उन्होंने अपने सपने के बारे में विस्तार से बात की है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि कैसे उन्हें आईपीएल खेलने का फायदा मिला और कौन है जिसने हर मुश्किल परिस्थिति में उनकी मदद की। अशोक शर्मा ने भले ही गुजरात टाइटन्स के लिए सिर्फ छह आईपीएल मैच खेले हों लेकिन मुख्य कोच आशीष नेहरा के मार्गदर्शन ने इस तेज गेंदबाज को एक मजबूत हथियार के तौर पर उभरने में मदद की है और वह तीन मैच की आगामी टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलने के लिए तैयार हैं।
भारत और जिम्बाब्वे के बीच 3 मैच की टी20 सीरीज का पहला मैच बृहस्पतिवार को खेला जाएगा। पिछले महीने 24 बरस के होने वाले अशोक ने ’जियोस्टार’को बताया, ’’जब भी मैं भरोसे की बात करता हूं तो मुझे (आशीष) नेहरा सर याद आते हैं। मैं हर संदेह के साथ उनके पास जाता था। जब भी मुझे खुद पर संदेह होता था या कुछ पूछना होता था तो मैं उनसे बात करता था।’’
आधी रात को भी मदद के लिए तैयार नेहरा
उन्होंने कहा, ’’उन्होंने (नेहरा ने) एक बार मेरे से कहा था, ’अगर तुम आधी रात को भी मेरे पास कोई सवाल लेकर आओगे तो भी मैं तुम्हारे लिए तैयार रहूंगा।’ इसलिए जब भी मुझे कोई संदेह होता था, चाहे वह किसी गेंद के बारे में हो या मेरी गेंदबाजी से जुड़ी किसी भी चीज के बारे में तो मैं उनके पास जाता था।’’
भारत के सबसे तेज गेंदबाजों में से एक अशोक ने कहा, ’’मैं के बाद मैं उनके बारे में जाता और अपनी गेंदबाजी के वीडियो देखता। मैं उनसे पूछता कि मैं और क्या बेहतर कर सकता हूं और मुझे किस चीज पर काम करने की जरूरत है। मैं उन्हें अपना मार्गदर्शक (मेंटर) मानता हूं। इस आईपीएल सत्र में मैंने उनसे काफी कुछ सीखा है और उन्होंने मेरी काफी मदद की।’’
अशोक शर्मा का क्या है सपना?
अशोक ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मोटेरा में हुए आईपीएल मैच में गुजरात टाइटन्स के लिए 154.2 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से एक गेंद फेंकी और उन्हें जिम्बाब्वे के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करने का भरोसा है लेकिन उनका लक्ष्य भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलना है। राजस्थान के लिए चार रणजी मैच में 14 विकेट चटकाने वाले अशोक ने कहा, ’’मेरा पहला लक्ष्य भारत के लिए पदार्पण करना है। मैं इस लम्हें का इंतजार कर रहा हूं, भारत की जर्सी पहनने का और अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का। अब मैं जिम्बाब्वे के खिलाफ श्रृंखला के लिए टीम में हूं तो मेरा लक्ष्य अधिक से अधिक विकेट लेना और अधिक से अधिक मैच खेलने का प्रयास करना है। मैं मौके का फायदा उठाना चाहता हूं।’’
उन्होंने कहा, ’’इसके बाद मेरा अगला लक्ष्य जितना जल्दी संभव हो भारत के लिए लाल गेंद का क्रिकेट खेलना है।’’ अन्य कई तेज गेंदबाजों की तरह अशोक के आदर्श भी दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन हैं।
समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।
और पढ़ेंEnd of Article