ICC के सस्पेंशन पर क्रिकेट कनाडा की प्रतिक्रिया, 'फैसला अप्रत्याशित, लेकिन करेंगे पूरा सहयोग'
वैंकूवर: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) द्वारा तत्काल प्रभाव से सदस्यता निलंबित किए जाने के बाद क्रिकेट कनाडा ने अपनी पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है। क्रिकेट कनाडा ने ICC के फैसले को "अप्रत्याशित" बताया, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि वह सभी निर्देशों का पूरी तरह पालन करेगा और संगठन में सुधार की प्रक्रिया को तेज करेगा।
ICC ने सोमवार को अहमदाबाद में हुई बोर्ड बैठक के दौरान सदस्यता संबंधी दायित्वों के गंभीर उल्लंघन का हवाला देते हुए क्रिकेट कनाडा को निलंबित कर दिया था। हालांकि, इस दौरान कनाडा की राष्ट्रीय टीमों को ICC प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने की अनुमति बनी रहेगी।
क्रिकेट कनाडा ने क्या कहा?
क्रिकेट कनाडा ने अपने बयान में कहा कि न्यायविदों की अगुवाई वाली समिति पहले ही काम शुरू कर चुकी थी और दो सप्ताह के भीतर अंतरिम सिफारिशें देने वाली थी। इसके बावजूद ICC का फैसला अप्रत्याशित रहा। बोर्ड ने कहा, 'हम ICC के फैसले का सम्मान करते हैं और सभी अनुपालन आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। समिति को जांच और सुधार प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि गवर्नेंस, वित्तीय निगरानी और रिपोर्टिंग सिस्टम को मजबूत किया जा सके।'
ICC की चिंताओं को दूर करने के लिए उठाए गए कदम
क्रिकेट कनाडा ने बताया कि ICC की नोटिस मिलने के बाद संगठन ने कई सुधारात्मक कदम उठाए हैं। इसके तहत एक विस्तृत Corrective & Preventative Action Plan (CAPA) तैयार कर ICC को सौंपा गया है।
इस योजना में शामिल हैं:
गवर्नेंस और वित्तीय नियंत्रण में हुई विफलताओं का विस्तृत विश्लेषण
90 दिनों के भीतर सुधारात्मक कदम
ICC के मानकों के अनुरूप पूर्ण अनुपालन की समय-सीमा
स्वतंत्र जांच समिति का गठन
क्रिकेट कनाडा ने बताया कि सुधार प्रक्रिया के तहत एक स्वतंत्र न्यायविद-नेतृत्व वाली समिति का गठन किया गया है। इस समिति की अध्यक्षता कनाडा की प्रतिष्ठित वकील और पूर्व राष्ट्रीय एथलीट दशा पेरेगौदोवा कर रही हैं। समिति को सभी वित्तीय दस्तावेजों तक पूर्ण पहुंच दी गई है और उसे कर्मचारियों से पूछताछ करने का अधिकार भी प्राप्त है। समिति 14 दिनों में अंतरिम रिपोर्ट, 45 दिनों में विस्तृत जांच रिपोर्ट और व्यापक सुधार योजना प्रस्तुत करेगी।
वित्तीय और प्रशासनिक सुधारों पर जोर
क्रिकेट कनाडा ने कई अन्य कदमों की भी घोषणा की है, जिनमें शामिल हैं:
फाइनेंस और ऑडिट समिति को दोबारा सक्रिय करना
संशोधित 2026 बजट तैयार करना
ऑडिट प्रक्रिया को तेज करना
अनिवार्य गवर्नेंस प्रशिक्षण लागू करना
वित्तीय नियंत्रण नीतियों में सुधार
मौजूदा नेतृत्व ने पुराने प्रबंधन को ठहराया जिम्मेदार
क्रिकेट कनाडा ने स्पष्ट किया कि ICC द्वारा उठाई गई अधिकांश आपत्तियां वर्तमान बोर्ड के कार्यकाल से पहले की हैं। बोर्ड ने कहा, 'ICC द्वारा चिन्हित अनियमितताएं पूर्व प्रबंधन और पुराने बोर्डों के कार्यकाल में हुई थीं। मौजूदा बोर्ड और प्रबंधन इन समस्याओं को दूर करने और संगठन में पारदर्शिता लाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।'
राष्ट्रीय टीमों पर नहीं पड़ेगा असर
हालांकि क्रिकेट कनाडा की सदस्यता फिलहाल निलंबित कर दी गई है, लेकिन ICC ने स्पष्ट किया है कि कनाडा की राष्ट्रीय पुरुष और महिला टीमें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना जारी रख सकेंगी। अब सभी की नजर इस बात पर होगी कि क्रिकेट कनाडा तय समय के भीतर सुधार लागू कर ICC का भरोसा दोबारा हासिल कर पाता है या नहीं।