टॉस अहम था, एमआई बल्ले से 10-15 रन पीछे रह गई: दीपक चाहर
Indian Premier League: मुंबई इंडियंस (एमआई) को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 8वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के हाथों 6 विकेट से शिकस्त का सामना करना पड़ा। एमआई के तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने माना कि टॉस ने एक निर्णायक भूमिका निभाई। चाहर के मुताबिक, नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में धीमी काली मिट्टी वाली पिच पर टीम बल्ले से 10-15 रन पीछे रह गई, जो बाद में लाइट्स के नीचे बल्लेबाजी के लिए बेहतर हो गई।
बीमार हार्दिक पांड्या के स्थान पर डीसी के खिलाफ सूर्यकुमार यादव ने एमआई की कमान संभाली। उन्होंने 36 गेंदों में 51 रन बनाए। उनके अलावा, रोहित शर्मा ने 35 रन का योगदान टीम के खाते में दिया, लेकिन उनके अलावा, एमआई के ज्यादातर अन्य बल्लेबाजों को अपने शॉट्स खेलने में संघर्ष करना पड़ा, जिससे टीम 162/6 का स्कोर ही बना पाई। चाहर को खुद पावर-प्ले में पिच से मदद मिली और उन्होंने केएल राहुल को भी आउट किया, लेकिन समीर रिजवी के 90 रनों की बदौलत डीसी ने 11 गेंदें शेष रहते ही जीत हासिल कर ली।
मुकाबले के बाद चाहर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "मुझे लगता है कि पिच सचमुच बहुत धीमी थी और टॉस अहम था। वहां थोड़ी नमी थी। उन्होंने धीमी शुरुआत की, और आप नमी को महसूस कर सकते थे। उस समय टॉस बहुत अहम था, और इसीलिए हम 10-15 रन पीछे रह गए।"