AUS vs BAN: बांग्लादेश टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया टीम का ऐलान, कमिंस-हेज़लवुड-लियोन की वापसी
स्पोर्ट्स डेस्क: क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने 13 अगस्त से शुरू होने वाली बांग्लादेश के खिलाफ दो मैचों की ऐतिहासिक घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए 13 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। चोट से उबरने के बाद कप्तान पैट कमिंस, जोश हेज़लवुड और अनुभवी ऑफ स्पिनर नाथन लियोन की टीम में वापसी हुई है। खास बात यह है कि 23 साल बाद बांग्लादेश ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज खेलने पहुंच रहा है।
कमिंस, हेज़लवुड और लियोन की वापसी
एशेज 2025-26 के दौरान पैट कमिंस सिर्फ एक टेस्ट खेल पाए थे, जबकि जोश हेज़लवुड पूरी सीरीज से बाहर रहे थे। वहीं नाथन लियोन हैमस्ट्रिंग चोट के कारण आखिरी दो टेस्ट नहीं खेल सके थे। कमिंस और हेज़लवुड टी20 विश्व कप 2026 से भी बाहर रहे थे, हालांकि बाद में दोनों ने आईपीएल में वापसी की। लियोन एडिलेड टेस्ट के बाद पहली बार प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलेंगे।
इन खिलाड़ियों को नहीं मिली जगह
सीनियर खिलाड़ियों की वापसी के चलते माइकल नेसर, ब्रेंडन डॉगेट और ऑफ स्पिनर टॉड मर्फी को टीम से बाहर कर दिया गया है। एशेज में नेसर ने तीन टेस्ट में 15 विकेट और डॉगेट ने दो टेस्ट में सात विकेट लिए थे, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अंतिम 13 सदस्यीय टीम में जगह नहीं मिली। हालांकि ये खिलाड़ी टीम के साथ अभ्यास करेंगे और जरूरत पड़ने पर चोटिल खिलाड़ियों की जगह विकल्प के तौर पर उपलब्ध रहेंगे।
ट्रैविस हेड होंगे नए ओपनर
उस्मान ख्वाजा के संन्यास के बाद ऑस्ट्रेलिया ने ट्रैविस हेड को नियमित ओपनर की जिम्मेदारी सौंपी है। उनके साथ जेक वेदराल्ड पारी की शुरुआत करेंगे। वहीं मार्नस लाबुशेन भी टीम में अपनी जगह बरकरार रखने में सफल रहे।
ऑस्ट्रेलिया की 13 सदस्यीय टेस्ट टीम
पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कैमरून ग्रीन, जोश हेज़लवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंगलिस, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क, जेक वेदराल्ड, ब्यू वेबस्टर।
कब और कहां होंगे दोनों टेस्ट?
दोनों देशों के बीच पहला टेस्ट 13 अगस्त से डार्विन के मरारा क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। दूसरा टेस्ट 22 अगस्त से ग्रेट बैरियर रीफ एरीना, मैके में होगा।
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच अब तक कुल 6 टेस्ट मैच खेले गए हैं। इनमें ऑस्ट्रेलिया ने 5 मुकाबले जीते हैं, जबकि बांग्लादेश ने 2017 में मीरपुर टेस्ट में 20 रन से अपनी इकलौती जीत दर्ज की थी। 23 साल बाद बांग्लादेश ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर टेस्ट सीरीज खेलने उतरेगा।
WTC अंक तालिका में दोनों टीमों की स्थिति
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 की अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया आठ टेस्ट में सात जीत के साथ शीर्ष पर है। वहीं बांग्लादेश चार टेस्ट में दो जीत, एक ड्रॉ और एक हार के साथ चौथे स्थान पर मौजूद है।