Paul Stirling ruled out of T20 World Cup: आयरलैंड को लगा ओमान के खिलाफ मुकाबले से पहले करारा झटका, कप्तान हुए विश्व कप से बाहर, अनकैप्ड प्लेयर को मिला मौका
कोलंबो: आयरलैंड क्रिकेट टीम को ओमान के खिलाफ शनिवार को खेले जाने वाले मुकाबले से पहले करारा झटका लगा है। टीम के कप्तान पॉल स्टर्लिंग घुटने की चोट की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह टीम में 20 साल के युवा बल्लेबाज सैम टॉपिंग को शामिल किया गया है। स्टर्लिंग की गैरमौजूदगी में उपकप्तान लोर्कन टकर टीम की कमान संभालेंगे।
घुटने का लिगामेंट हुआ फ्रैक्चर
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 के मुकाबले में पॉल स्टर्लिंग ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी के दौरान सातवें ओवर में फील्डिंग करते हुए घायल हो गए थे। जोश इंग्लिस का कैच लपकने के लिए उन्होंने डाइव लगाई लेकिन जमीन पर वो घुटने के बल गिरे। इसके बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा और ऐसे में उपकप्तान लोर्कन टकर ने कप्तानी संभाली। इसके बाद दूसरी पारी में स्टर्लिंग चोटिल होने के बावजूद बल्लेबाजी करने उतरे और गेंद को मिड ऑन की दिशा में खेला और एक रन भागने की कोशिश की ऐसे में उनका घुटना मुड़ गया और बड़ी मुश्किल से रन पूरा कर सके। उनके घुटने में ऐसा दर्द हुआ कि उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा और दोबारा बल्लेबाजी के लिए मैदान पर नहीं लौट सके। टीम को हार का सामना करना पड़ा।
सैम टॉपिंग को मिली टीम में जगह
क्रिकेट आयरलैंड के हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर ग्रीम वेस्ट ने कहा, मैच के बाद पॉल स्टर्लिंग को स्कैन के लिए ले जाया गया जिसमें लिगामेंट डैमेज का पता चला, इसलिए वो टी20 वर्ल्ड कप के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। आराम और रिहैबिलिटेशन के लिए स्टर्लिंग स्वदेश वापस लौटेंगे। पॉल की जगह लेने के लिए, हमने सैम टॉपिंग को बुलाया है, जो चेन्नई में हैं टीम को तत्काल कवर दे सकते हैं। सैम नॉर्दर्न नाइट्स ट्रेनिंग स्क्वॉड के साथ हैं और श्रीलंका जैसे ही हालात में ट्रेनिंग कर रहे हैं।'
सैम ने अबतक नहीं खेला है कोई मैच
20 साल के सैम टॉपिंग बाएं हाथ के ओपनर हैं उन्होंने अबतक कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। वह एक अच्छे विकेटकीपर भी हैं। उन्होंने आयरलैंड में पिछले घरेलू क्रिकेट सीजन में शिरकत की थी जिसमें उन्होंने टी20 फॉर्मेट में 31 के औसत से 217 रन 140 के स्ट्राइक रेट से बनाए थे। उन्होंने दो अर्धशतक सात पारियों में जड़े थे और 83 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा था।
End of Article