जुनैद सिद्दीकी ने पंजा खोल रचा इतिहास, यूएई की धमाकेदार जीत

Prabhat Khabar NaN days ago

Junaid Siddique Fifer: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के रोमांचक मुकाबले में यूएई ने कनाडा को 5 विकेट से हरा दिया. इस मैच में तेज गेंदबाज जुनैद सिद्दीकी ने 5 विकेट लेकर इतिहास रच दिया. वहीं बल्लेबाजी में आर्यांश शर्मा और शोएब खान की शानदार पारियों की बदौलत यूएई ने टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की.

junaid siddique Fifer

Highlights

Junaid Siddique Fifer: टी20 विश्व कप 2026 (T20 World Cup 2026) के ग्रुप-डी मैच में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने कनाडा को 5 विकेट से हरा दिया है. इस जीत के साथ ही यूएई ने टूर्नामेंट में अपना खाता खोल लिया. कनाडा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 150 रन बनाए थे. जवाब में यूएई ने खराब शुरुआत के बाद भी 19.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया. इस मैच के असली हीरो यूएई के तेज गेंदबाज जुनैद सिद्दीकी (Junaid Siddique) रहे, जिन्होंने 5 विकेट लेकर इतिहास रच दिया. टी20 विश्व कप इतिहास में पहली बार किसी यूएई के गेंदबाज ने 5 विकेट हॉल लेने का कारनामा किया है.

जुनैद सिद्दीकी का ऐतिहासिक प्रदर्शन

कनाडा के खिलाफ मुकाबले में 33 साल के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज जुनैद सिद्दीकी ने शानदार गेंदबाजी की. उन्होंने अपने 4 ओवर के कोटे में 35 रन देकर 5 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. यह उनके टी20 करियर का पहला 5 विकेट हॉल है. एसोसिएट देशों के गेंदबाजों की बात करें तो उनसे पहले सिर्फ नीदरलैंड के एहसान मलिक ने ही टी20 वर्ल्ड कप में 5 विकेट हॉल लिया था. जुनैद ने अपने पहले स्पेल में ही कनाडा के दोनों सलामी बल्लेबाज युवराज सामरा और दिलप्रीत बाजवा को आउट कर दिया था. इसके बाद डेथ ओवर्स में भी उन्होंने अपनी धारदार गेंदबाजी जारी रखी.

टूट गया मलिंगा का रिकॉर्ड

जुनैद सिद्दीकी का यह प्रदर्शन टी20 विश्व कप इतिहास का 14वां 5 विकेट हॉल है. हालांकि, यह एक पारी में 5 विकेट लेने वाला सबसे महंगा स्पेल भी बन गया है. जुनैद ने 5 विकेट लेने के लिए 35 रन खर्च किए. इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप में सबसे महंगा 5 विकेट हॉल लेने का रिकॉर्ड श्रीलंका के दिग्गज लसिथ मलिंगा के नाम था. मलिंगा ने 2012 में इंग्लैंड के खिलाफ 31 रन देकर 5 विकेट लिए थे. जुनैद ने अब यह अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.

आर्यांश और शोएब ने पलटा मैच

151 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने अपने शुरुआती 5 विकेट सिर्फ 66 रन पर गंवा दिए थे. उस समय कनाडा की पकड़ मैच पर मजबूत लग रही थी. लेकिन इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज आर्यांश शर्मा और शोएब खान ने मोर्चा संभाला. आर्यांश ने 53 गेंदों में नाबाद 74 रनों की समझदारी भरी पारी खेली. वहीं दूसरे छोर पर शोएब खान ने आक्रामक रुख अपनाया. शोएब ने मात्र 29 गेंदों में नाबाद 51 रन जड दिए.

कनाडा की पारी का हाल

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी कनाडा की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में संघर्षपूर्ण स्कोर खड़ा किया. कनाडा की तरफ से हर्ष ठकर ने शानदार अर्धशतक लगाया, लेकिन वे अपनी टीम को बहुत बड़े स्कोर तक नहीं ले जा सके. जुनैद सिद्दीकी ने हर्ष ठकर का शिकार करने के बाद श्रेयस मोव्वा और साद बिन जफर को भी आउट किया. जुनैद की गेंदबाजी के सामने कनाडा के मध्यक्रम और निचले क्रम के बल्लेबाज टिक कर नहीं खेल सके.

टूर्नामेंट का दूसरा 5 विकेट हॉल

यह मौजूदा टी20 विश्व कप का दूसरा मौका है जब किसी गेंदबाज ने एक पारी में 5 विकेट लिए हैं. 2007 में शुरू हुए इस टूर्नामेंट में अब तक कुल 14 बार ऐसा हो चुका है. जुनैद सिद्दीकी का नाम अब इस एलीट लिस्ट में शामिल हो गया है. यूएई के लिए यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने एक हारे हुए मैच को जीत में बदला है.