IND vs PAK: टीम इंडिया को परेशान करेगा ये पाकिस्तानी बॉलर, नामीबिया के खिलाफ मैच से मिली खतरनाक चेतावनी
15 फरवरी को भारतीय टीम कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरेगी. उस मैच से पहले टीम इंडिया को नामीबिया के गेंदबाज ने खूब परेशान किया और वैसा ही एक बॉलर पाकिस्तानी टीम का भी हिस्सा है.
भारतीय क्रिकेट टीम के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत नतीजों के लिहाज से अच्छी रही है. ग्रुप स्टेज में खेले अपने दोनों ही मैच में टीम ने जीत दर्ज की और इस तरह सुपर-8 राउंड में जगह लगभग पक्की कर ली है. नतीजे सबसे अहम हैं लेकिन उससे अलग टीम इंडिया का प्रदर्शन इन दोनों मुकाबलों में उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है. खास तौर पर बल्लेबाजी ने दोनों मुकाबलों में अलग-अलग वक्त पर निराश किया है. खास तौर पर नामीबिया के खिलाफ तो एक गेंदबाज ने ऐसा परेशान किया, जो पाकिस्तान के खिलाफ अगले मुकाबले से पहले गंभीर चेतावनी साबित हुआ है.
भारत-नामीबिया के बीच नई दिल्ली में खेला गया मैच टीम इंडिया ने 93 रन से जीत लिया. ये जीत इतनी बड़ी है कि एक बार के लिए इससे अंदाजा लगाना मुश्किल है कि इस मुकाबले में भारत को किसी तरह की परेशानी हुई होगी. टीम इंडिया ने 209 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया और फिर नामीबिया को सिर्फ 116 रन प ढेर कर दिया. इतने बड़े स्कोर एक आसान जीत के बावजूद ये मुकाबला भारतीय बल्लेबाजों के लिए गंभीर चेतावनी बनकर आया, जो पाकिस्तान के खिलाफ मैच में अहम साबित हो सकती है.
नामीबिया के खिलाफ बजी खतरे की घंटी
मगर इरासमस के खिलाफ टीम इंडिया के प्रदर्शन का पाकिस्तान से क्या लेना-देना? अगर आपके जहन में भी ये सवाल उठा है तो इसका जवाब समझना ज्यादा मुश्किल नहीं है. असल में नामीबिया के कप्तान जिस एक्शन के साथ गेंदबाजी करते हैं, बिल्कुल वैसे ही एक गेंदबाज का सामना भारत को पाकिस्तान के खिलाफ करना होगा. गेरहार्ड इरासमस का एक्शन पारंपरिक स्पिनर की तरह ‘हाई आर्म’ न होकर ‘साइड आर्म’ या ‘स्लिंग’ स्टाइल में है, जिसमें गेंद बॉल को सिर के ऊपर से रिलीज करने के बजाए साइड से होता है. जैसा टीम इंडिया में केदार जाधव करते थे और फिर रियान पराग भी करते रहे हैं.
पाकिस्तान का ये बॉलर बनेगा परेशानी
इरासमस के इस एक्शन से की गई ऑफ स्पिन बॉलिंग ने भारतीय बल्लेबाजों को खूब परेशान किया. जब 15 फरवरी को पाकिस्तान के बीच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में टीम इंडिया उतरेगी तो उस मैच में उसे इरासमस जैसे एक्शन वाले स्पिनर उस्मान तारिक का सामना करना होगा, जो पिछले कुछ दिनों से इसी वजह से सुर्खियों में हैं. उस्मान तारिक भी ‘साइड आर्म’ एक्शन के साथ ऑफ ब्रेक बॉलिंग करते हैं.
मगर फिर भी उस्मान तारिक, इरासमस से भी ज्यादा चुनौतीपूर्ण बॉलर हैं क्योंकि वो गेंद रिलीज करने से पहले एक-डेढ़ सेकेंड रुकते हैं. ये बल्लेबाजों के लिए अनिश्चितता की स्थिति पैदा कर देता है. साथ ही वो उसी एक्शन से कई बार ऑफ ब्रेक के बजाए सीधे तेज गेंद डालते हैं और ऐसे में उनका सामना करना मुश्किल हो जाता है. यही कारण है कि सिर्फ 4 टी20 इंटनेशनल मैच के करियर में उन्होंने 11 विकेट लिए हैं, जबकि 42 टी20 मैच में ही 70 शिकार कर चुके हैं. ऐसे में टीम इंडिया को अगर पाकिस्तान पर जीत दर्ज करनी है तो इन 4 ओवर में बेहद संभलकर रहना होगा.