IND vs PAK: सूर्या ने बदला अवतार, विरोधी खेमे में मचा हाहाकार; वायरल हुआ VIDEO
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय टीम कोलंबो में शनिवार को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले के लिए खास तैयारी करती दिखी। पाकिस्तान के उस्मान तारिक को भारतीय टीम के लिए एक बड़ा खतरा माना जा रहा है, जिनको लेकर टीम इंडिया ने प्लान बनाकर नेट्स में अभ्यास किया। अभ्यास सत्र के दौरान कप्तान सूर्यकुमार यादव खुद गेंदबाजी करते हुए दिखाई दिए।
नामीबिया के खिलाफ जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम कोलंबो पहुंची। 13 फरवरी को शाम को आर प्रेमदासा स्टेडियम में नेट प्रैक्टिस की, जिसमें उस्मान तारिक के खिलाफ तैयारी का खास वीडियो भी सामने आया। वीडियो में सूर्या उस्मान तारिक जैसे गेंदबाजी करते हुए दिखाई दिए।
वायरल हुआ वीडियो
वीडियो में टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव नेट्स पर स्टार ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को उस्मान के एक्शन में अभ्यास कराते दिखाई दिए। वीडियो में साफ देखने को मिला कि जिस तरह से उस्मान अपने गेंदबाजी एक्शन के दौरान थोड़ी देर के लिए रुक जाते हैं। कुछ उसी तरह सूर्या ने भी रुकने की कोशिश की और फिर गेंद फेंकी।
सूर्या ने बताया आउट ऑफ सिलेबस
उस्मान तारिक को लेकर टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अगर एग्जाम में आपको सिलेबस से बाहर का सवाल मिलता है तो आप उसे छोड़ते नहीं हैं, आप उसका जवाब देने की कोशिश करते हैं। हम यही करने की कोशिश करेंगे। ऐसा नहीं है कि हमने अजीब एक्शन वाले गेंदबाजों के खिलाफ प्रैक्टिस नहीं की है, हम उसी हिसाब से प्लान बनाएंगे और अभ्यास करेंगे।
शाम को खेला जाएगा मुकाबला
भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा। टॉस 6:30 बजे होगा। टी20 विश्व कप में भारतीय टीम पाकिस्तान पर भारी पड़ती है। दोनों टीमों के बीच टूर्नामेंट में 8 बार भिड़ंत हुई है। इस दौरान पाकिस्तान को 1 बार ही जीत नसीब हुई है। टीम इंडिया ने 7 बार बाजी मारी है। फैंस पूरा मैच होने की उम्मीद कर रहे हैं। अगर बारिश नहीं हुई तो एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।
End of Article