Women's Asia Cup 2026: UAE को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचा बांग्लादेश, अब भारत से होगी टक्कर

Punjabkesari.in NaN days ago
Sports

नई दिल्ली: महिला एशिया कप 2026 में सेमीफाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम का सामना सेमीफाइनल में बांग्लादेश से होगा। बांग्लादेश ने 8 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए वर्चुअल क्वार्टरफाइनल मुकाबले में UAE को 34 रन से हराकर अंतिम-4 में जगह बनाई।

55/6 के बाद बांग्लादेश ने की शानदार वापसी

टॉस जीतकर UAE की कप्तान ईशा ओजा ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही और पावरप्ले में टीम सिर्फ 21 रन बना सकी। दिलारा अख्तर और शोभना मोस्तरी के विकेट जल्दी गिरने के बाद बांग्लादेश लगातार दबाव में रहा। नौवें ओवर में अर्चरा सुप्रिया ने निगार सुल्ताना और जुएरिया फरदौस की साझेदारी तोड़ी। जुएरिया ने 20 गेंदों पर 16 रन बनाए।

लगातार विकेटों से संकट में आई टीम

11वें ओवर में सुरक्ष्या कोट्टे ने निगार सुल्ताना को अपना तीसरा शिकार बनाया। इसके बाद इंधुजा नंदकुमार ने लगातार दो गेंदों पर शोर्ना अख्तर और फाहिमा खातून को गोल्डन डक पर आउट कर दिया। देखते ही देखते बांग्लादेश का स्कोर 55/6 हो गया। यहां से टीम के लिए 100 रन तक पहुंचना भी मुश्किल नजर आ रहा था।

शर्मिन अख्तर ने संभाली पारी

मुश्किल परिस्थिति में शर्मिन अख्तर ने मोर्चा संभाला और अहम पारी खेली। उन्होंने 31 गेंदों पर 38 रन बनाए। दूसरे छोर पर नाहिदा अख्तर ने 26 गेंदों पर नाबाद 16 रन बनाए। इन पारियों की मदद से बांग्लादेश ने किसी तरह 20 ओवर में 103/7 का स्कोर खड़ा कर दिया और UAE के सामने 104 रन का लक्ष्य रखा।

UAE की बल्लेबाजी पर हावी रहे बांग्लादेशी गेंदबाज

लक्ष्य का पीछा करने उतरी UAE की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। मारुफा ने ईसा को सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट किया और इसके बाद समायरा धनिधारका को 19 गेंदों पर 8 रन के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। पावरप्ले खत्म होने तक UAE का स्कोर 15/2 था। लगातार डॉट गेंदों के दबाव ने UAE के बल्लेबाजों की मुश्किलें बढ़ा दीं।

69/9 पर सिमटा UAE

रबैया खान ने रिनिथा राजिथ को 12 गेंदों पर 5 रन के स्कोर पर आउट किया। सुल्ताना खातून ने 24 गेंदों पर 11 रन बनाने वाली थीर्था सतीश को पवेलियन भेजा। इसके बाद नाहिदा अख्तर ने लावण्या केनी का विकेट हासिल किया। 12.1 ओवर तक UAE ने 38 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे।

इसके बाद भी बांग्लादेश के गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा। हीना हॉटचंदानी ने 19 गेंदों पर 18 रन बनाकर संघर्ष करने की कोशिश की, लेकिन रबैया खान ने उनका विकेट लेकर UAE की उम्मीदें खत्म कर दीं। अंत में UAE की टीम 69/9 तक ही पहुंच सकी और बांग्लादेश ने मुकाबला 34 रन से जीत लिया।

सेमीफाइनल में भारत से होगी टक्कर

इस जीत के साथ बांग्लादेश ने महिला एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अब 10 सितंबर को पहले सेमीफाइनल में हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारत और बांग्लादेश की टीमें आमने-सामने होंगी। वहीं दूसरा सेमीफाइनल 11 सितंबर को श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा।