IND vs ENG: सचिन से लेकर विव रिचर्ड्स तक… रोहित शर्मा का रिकॉर्डतोड़ शतक, लॉर्ड्स में किया बड़ा कारनामा
tv9hindiNaN days ago
Rohit Sharma Hundred at Lords: भारतीय दिग्गज रोहित शर्मा इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले में कमाल की बल्लेबाजी की और शतक जड़ा. इसी के साथ उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए.
भारतीय दिग्गज रोहित शर्मा ने क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स के मैदान पर एक ऐसी पारी खेली है, जिसे सदियों तक याद रखा जाएगा. इंग्लैंड के खिलाफ 388 रनों के बड़े टारगेट का पीछा करते हुए रोहित शर्मा ने बल्ले से तबाही मचाते हुए एक यादगार शतक जड़ा. इस शतकीय पारी के साथ ही रोहित शर्मा लॉर्ड्स के मैदान पर वनडे क्रिकेट में शतक लगाने वाले भारत के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने महान सचिन तेंदुलकर और विव रिचर्ड्स समेत कई दिग्गजों के रिकॉर्ड्स को चकनाचूर कर दिया. (PHOTO CREDIT- GETTY) 1 / 5
रोहित शर्मा ने इस शतक के साथ ही अपनी उम्र को सिर्फ एक संख्या साबित कर दिया है. वह वनडे क्रिकेट इतिहास में शतक जड़ने वाले भारत के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं. रोहित भारत की तरफ से 39 साल की उम्र में वनडे शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज हैं. उन्होंने इस मामले में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा. सचिन ने 38 साल और 327 दिन की उम्र में ऐसा किया था. (PHOTO CREDIT- GETTY) 2 / 5
बतौर ओपनर इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में भी रोहित शर्मा अब सभी भारतीयों में सबसे आगे निकल गए हैं. उन्होंने ओपनर के तौर पर अपना 46वां इंटरनेशनल शतक पूरा कर सचिन तेंदुलकर (45 शतक) को पीछे छोड़ दिया है. (PHOTO CREDIT- GETTY) 3 / 5
रोहित शर्मा को इंग्लैंड की परिस्थितियां हमेशा से रास आती हैं और इस मैच में भी यह साफ दिखाई दिया. इंग्लैंड की धरती पर बतौर विदेशी बल्लेबाज सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में रोहित शर्मा ने वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज सर विव रिचर्ड्स (9 शतक) को पीछे छोड़ दिया है. अब इंग्लैंड में रोहित के नाम 10 शतक हो चुके हैं और वह सिर्फ ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज सर डॉन ब्रैडमैन (11 शतक) से पीछे हैं. (PHOTO CREDIT- GETTY) 4 / 5
इसके अलावा, इंग्लैंड में सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने के मामले में भी रोहित ने सिर्फ 30 पारियों में अपना 8वां शतक पूरा कर मार्कस ट्रेस्कोथिक की बराबरी कर ली है. इस लिस्ट में इंग्लैंड के जो रूट (10 शतक) टॉप पर हैं. (PHOTO CREDIT- GETTY) 5 / 5