IPL 2026, RCB vs CSK Preview: लगातार दूसरी जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी RCB, चेन्नई के पास होगी साख बचाने की चुनौती
IPL 2026, RCB vs CSK Match Preview: अपने पहले मैच में शानदार जीत हासिल करने के बाद पर्याप्त आराम पाने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की टीम रविवार को अपने घरेलू मैदान में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में लगातार दूसरी जीत हासिल करने की कोशिश करेगी। सीएसके के लिए संजू सैमसन की फॉर्म और गेंदबाजी विभाग का कमजोर होना चिंता का विषय है। आरसीबी की टीम 28 मार्च को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ छह विकेट से जीत दर्ज करने के बाद अच्छी तरह से आराम कर चुकी है और वह तरोताजा होकर मैदान पर उतरेगी। मानसिक और शारीरिक ताजगी के अलावा आरसीबी अब अपने प्रतिद्वंद्वियों की तुलना में कहीं बेहतर टीम नजर आ रही है।
विराट की अगुआई में RCB का शीर्ष क्रम दमदार
आरसीबी के पास विराट कोहली की अगुवाई में शीर्ष क्रम में दमदार बल्लेबाज हैं। कोहली ने अपने बेजोड़ कौशल के दम पर पावर हिटिंग के इस जमाने में खुद को प्रासंगिक बनाए रखा है। देवदत्त पडिक्कल ने अपने भीतर के असली बल्लेबाज को जगा दिया है जो सनराइजर्स के खिलाफ उनकी 26 गेंद पर खेली गई 61 रन की तूफानी पारी में स्पष्ट नजर आया। रजत पाटीदार टीम की कप्तानी करने और आरसीबी के मध्य क्रम को मजबूती देने की दोहरी भूमिका अच्छी तरह से निभा रहे हैं। आरसीबी में अपनी गेंदबाजी में बहुत ज्यादा सुधार किया है। कभी उसकी गेंदबाजी को कमजोर माना जाता था लेकिन उसने कुछ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को शामिल करके इसे पूरी तरह से बदल दिया है। आरसीबी को जोश हेज़लवुड की अनुपस्थिति से काफी नुकसान होने की उम्मीद थी, लेकिन जैकब डफी ने सहजता से उनकी जगह ली और तीन विकेट लेकर सनराइजर्स के शीर्ष क्रम को ध्वस्त कर दिया। आरसीबी की टीम इस मैच के लिए अभिनंदन सिंह की जगह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मंगेश यादव को टीम में शामिल करने पर भी विचार कर सकती है। क्रुणाल पंड्या और सुयश शर्मा टी20 के दिग्गज स्पिनरों में शामिल नहीं हैं, लेकिन उन्होंने बीच ओवरों में अपनी कसी हुई गेंदबाजी से आरसीबी का उद्देश्य बखूबी पूरा किया है। उन्हें अब शिवम दुबे, सरफराज खान और आयुष म्हात्रे जैसे बल्लेबाजों पर अंकुश लगाना होगा।
CSK के गेंदबाजों को करना होगा अच्छा प्रदर्शन
जहां तक सीएसके का सवाल है तो उसके गेंदबाजों को अच्छा प्रदर्शन करने की जरूरत है। उन्होंने पहले दो मैचों में 30.5 ओवर में सिर्फ सात विकेट लेकर 338 रन लुटा दिए। उसके स्पिनर नूर अहमद और राहुल चाहर शुक्रवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ बुरी तरह फ्लॉप रहे। चेपॉक में ओस का नामोनिशान नहीं होने के बावजूद दोनों ने मिलकर आठ ओवरों में 84 रन लुटाए। तेज गेंदबाज मैट हेनरी, खलील अहमद और अंशुल कंबोज भी अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। चेन्नई की बल्लेबाजी में भी कुछ कमियां हैं जिन्हें दूर करने की जरूरत है और इसकी शुरुआत सैमसन के फॉर्म से होती है। टी20 विश्व कप में भारत को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले सैमसन अभी तक दो मैच में छह और सात रन ही बना पाए हैं।
चेन्नई की टीम को अगर मजबूती के साथ आगे बढ़ना है तो सैमसन को जल्द से जल्द अपनी लय हासिल करनी होगी।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स की आईपीएल 2026 की टीमें (Royal Challengers Bengaluru and Chennai Super Kings IPL 2026 Full Squads)
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की IPL 2026 की टीम: (Royal Challengers Bengaluru Full Squad)
रजत पाटीदार (कप्तान), अभिनंदन सिंह, भुवनेश्वर कुमार, देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा, क्रुणाल पंड्या, रसिख डार, सुयश शर्मा, स्वप्निल सिंह, विराट कोहली, वेंकटेश अय्यर, मंगेश यादव, कनिष्क चौहान, विहान मल्होत्रा, विक्की ओस्तवाल, सात्विक देसवाल।
चेन्नई सुपर किंग्स की IPL 2026 की टीम: (Chennai Super Kings Full Squad)
रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), अंशुल कंबोज, गुरजापनीत सिंह, एमएस धोनी, मुकेश चौधरी, रामकृष्ण घोष, संजू सैमसन, शिवम दुबे, श्रेयस गोपाल, खलील अहमद, आयुष म्हात्रे, उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, राहुल चाहर, सरफराज खान, अमन खान।
मैच का समय: शाम 7: 30 बजे से खेला जाएगा मैच, सात बजे होगा टॉस।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें CSK बनाम PBKS छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों ... और देखें
End of Article