Los Angeles Knight Riders पहली बार बनी MLC की चैंपियन, 2026 के Final में Washington Freedom को 1 रनों से हराया
Los Angeles Knight Riders MLC Champion: मेजर लीग क्रिकेट 2026 टूर्नामेंट (MLC 2026) का फाइनल रविवार, 19 जुलाई को कैलिफोर्निया के ओकलैंड कोलिज़ीयम स्टेडियम में खेला गया था जहां जेसन होल्डर (Jason Holder) की कैप्टेंसी वाली लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स (Los Angeles Knight Riders) ने जीत का झंडा लहराया और वाशिंगटन फ्रीडम (Washington Freedom) को रोमांचक मुकाबले में 1 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने पहली बार MLC टूर्नामेंट जीता है।
इस मुकाबले में वाशिंगटन फ्रीडम के कैप्टन स्टीव स्मिथ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया था जिसके बाद नाइट राइडर्स की टीम ने अपनी 19.4 ओवर बल्लेबाज़ी की और ऑल आउट होने से पहले 164 रन स्कोर बोर्ड पर टांगे। LAKR के लिए आंद्रे फ्लेचर (27 गेंदों पर 47 रन), कॉलिन मुनरो (29 गेंदों पर 40 रन) और मैथ्यू ट्रॉम्प (21 गेंदों पर 39) ने महत्वपूर्ण पारी खेली।
यहां से अब वाशिंगटन फ्रीडम के सामने जीत हासिल करने के लिए 165 रनों का लक्ष्य था जिसका पीछा करते हुए ओबस पीनार ने 24 गेंदों पर 3 चौके और 5 छक्के लगाकर 53 रन ठोके, वहीं एंड्रीस गौस ने 35 गेंदों पर 40 रन और निखिल चौधरी ने 24 गेंदों पर 25 रनों की पारी खेली। हालांकि इन सब के बावजूद WAF की टीम अपनी पारी के 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 163 रन ही बना पाई और ऐसे लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स ने ये मुकाबला रोमांचक अंदाज में 1 रन से जीता।
— Cognizant Major League Cricket (@MLCricket) July 19, 2026
बताते चलें कि LAKR की टीम के सबसे बड़े हीरो सुनील नारायण रहे जिन्होंने अपने 4 ओवर में महज़ 13 रन देकर 3 विकेट लिए। उनके अलावा जेसन होल्डर ने भी अपने कोटे के 4 ओवर में 31 रन देकर 3 विकेट चटकाए और शैडली वैन शल्कविक ने 2 विकेट झटके।
सुनील नारायण को फाइनल में 3 विकेट लेने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच और टूर्नामेंट में 35 रन और 18 विकेट लेने के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।