IND vs ENG: लॉर्ड्स वनडे में हार के बाद शुभमन गिल ने बताई टीम इंडिया की सबसे बड़ी कमजोरी
स्पोर्ट्स डेस्क : इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे में 27 रन से हार के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से गंवा दी। मैच के बाद कप्तान शुभमन गिल ने हार की बड़ी वजह खिलाड़ियों की फिटनेस को बताया। गिल ने कहा कि लगातार चोटों के कारण टीम को हर मैच में नया संयोजन उतारना पड़ रहा है, जिससे योजनाओं पर असर पड़ रहा है। उन्होंने 2027 वनडे विश्व कप को देखते हुए खिलाड़ियों की फिटनेस में सुधार की जरूरत पर भी जोर दिया।
'हर मैच के बाद खिलाड़ी चोटिल हो जाए तो योजना बदलनी पड़ती है'
पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में शुभमन गिल ने कहा कि घोषित टीम के कई खिलाड़ी चोट के कारण अंतिम मुकाबला नहीं खेल सके। 'अगर आप पहली घोषित टीम देखें तो उसमें से कम से कम पांच खिलाड़ी यह मैच नहीं खेल पाए। एक खिलाड़ी चोटिल हो तो दूसरा संयोजन बनाते हैं, दो खिलाड़ी बाहर हों तो अलग प्लान बनाते हैं, लेकिन अगर हर मैच के बाद कोई खिलाड़ी चोटिल हो जाए तो कहीं न कहीं हमसे चूक हो रही है।'
2027 विश्व कप को लेकर जताई चिंता
गिल ने कहा कि 2027 वनडे विश्व कप जैसे लंबे टूर्नामेंट में लगातार उपलब्ध रहना बेहद जरूरी होगा। 'विश्व कप में हमें लगातार 11 मैच खेलने होंगे, लेकिन यहां खिलाड़ी दो-तीन मैचों की सीरीज भी पूरी नहीं खेल पा रहे हैं। एक-दो मैच खेलने के बाद उन्हें निगल (हल्की चोट) हो जाती है और हमें मजबूरन ऐसा संयोजन उतारना पड़ता है, जिसकी पहले से योजना नहीं होती।'
'80% फिट खिलाड़ी के साथ जोखिम नहीं ले सकते'
भारतीय कप्तान ने कहा कि अधूरे फिट खिलाड़ी को खिलाना टीम के लिए बड़ा जोखिम बन सकता है। 'अगर मैच वाले दिन पता चले कि कोई खिलाड़ी पूरी तरह फिट नहीं है तो फैसला लेना मुश्किल हो जाता है। अगर वह गेंदबाज पांच ओवर बाद मैदान छोड़ दे तो बाकी ओवर कौन करेगा? इसलिए टीम के तौर पर हमें अपनी फिटनेस में सुधार करना होगा।'
चोटिल खिलाड़ियों ने बढ़ाई परेशानी
तीसरे वनडे से पहले वॉशिंगटन सुंदर चोट के कारण बाहर हो गए, जबकि जसप्रीत बुमराह भी इम्पैक्ट इंजरी के चलते उपलब्ध नहीं थे। इससे पहले हर्षित राणा और नीतीश कुमार रेड्डी भी चोटिल होकर सीरीज से बाहर हो चुके थे। हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में टीम को शिवम दुबे को तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर के तौर पर उतारना पड़ा।
गेंदबाज रहे महंगे, कुलदीप को फिर नहीं मिला मौका
भारत के गेंदबाज निर्णायक मुकाबले में प्रभाव नहीं छोड़ सके। अर्शदीप सिंह 72 रन देकर विकेट नहीं ले सके, प्रसिद्ध कृष्णा ने दो विकेट लिए लेकिन 69 रन खर्च किए। प्रिंस यादव ने बेन डकेट (141) का विकेट जरूर लिया, लेकिन 79 रन दिए। गुरनूर बरार सबसे महंगे साबित हुए और 97 रन लुटा बैठे। वहीं अक्षर पटेल सबसे किफायती रहे। स्पिन के लिए मददगार पिच होने के बावजूद कुलदीप यादव को पूरी सीरीज में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला।
2026 में दूसरी वनडे सीरीज गंवाई
यह 2026 में भारत की दूसरी वनडे सीरीज हार है। इससे पहले जनवरी में न्यूजीलैंड ने भारत को 2-1 से हराया था। इसके बाद भारत ने घर में अफगानिस्तान को 3-0 से हराया, लेकिन आयरलैंड और इंग्लैंड के व्हाइट-बॉल दौरे पर टीम सिर्फ एक मैच ही जीत सकी।
अब आगे क्या?
भारत अब 23 से 26 जुलाई तक जिम्बाब्वे दौरे पर तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलेगा। इसके बाद 15 से 27 अगस्त तक श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैच होंगे। वहीं अगली वनडे सीरीज 27 सितंबर से 3 अक्टूबर तक वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू मैदान पर खेली जाएगी।