IPL 2026: कोहली या सूर्यवंशी नहीं; अश्विन ने इस खिलाड़ी को बताया दोनों अवॉर्ड्स का हकदार
स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने लगातार दूसरी बार खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। फाइनल में विराट कोहली की मैच जिताऊ पारी और पूरे सीजन में वैभव सूर्यवंशी के विस्फोटक प्रदर्शन की खूब चर्चा हुई, लेकिन पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन की राय इससे अलग है।
अश्विन का मानना है कि RCB के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को 'प्लेयर ऑफ द मैच' और 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' दोनों पुरस्कार मिलने चाहिए थे।
भुवनेश्वर को मिलना चाहिए था दोनों अवॉर्ड: अश्विन
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए अश्विन ने कहा कि भुवनेश्वर कुमार ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल में भी गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी को दबाव में रखा। अश्विन ने कहा, 'भुवनेश्वर कुमार पूरे टूर्नामेंट में शानदार रहे। मेरे हिसाब से उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और प्लेयर ऑफ द मैच दोनों अवॉर्ड मिलने चाहिए थे।'
फाइनल में भुवनेश्वर ने किया कमाल
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भुवनेश्वर कुमार ने नई और पुरानी दोनों गेंद से प्रभाव छोड़ा। उन्होंने खतरनाक बल्लेबाज साई सुदर्शन को शॉर्ट गेंद पर आउट कर गुजरात टाइटंस को शुरुआती झटका दिया। इसके बाद डेथ ओवरों में जेसन होल्डर का विकेट लेकर विपक्षी टीम की वापसी की उम्मीदों को खत्म कर दिया। भुवनेश्वर ने अपने चार ओवर के स्पेल में सिर्फ 29 रन देकर 2 विकेट हासिल किए और पूरे मैच में रन गति पर लगाम लगाए रखी।
पर्पल कैप से चूके भुवनेश्वर
भुवनेश्वर कुमार IPL 2026 में पर्पल कैप जीतने के बेहद करीब पहुंच गए थे। अगर वह फाइनल में एक विकेट और ले लेते तो सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाते।
RCB के इस तेज गेंदबाज ने 16 मैचों में 28 विकेट लिए। उनका औसत 17.89 और इकॉनमी रेट 7.95 रहा, जो बल्लेबाजों के अनुकूल परिस्थितियों में बेहद प्रभावशाली माना जाता है। हालांकि गुजरात टाइटंस के दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा 29 विकेट के साथ पर्पल कैप जीतने में सफल रहे।
विराट को मिला 'प्लेयर ऑफ द मैच'
फाइनल में 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 25 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 42 गेंदों पर नाबाद 75 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। कोहली ने अपनी पारी में 9 चौके और 3 छक्के लगाए। उन्होंने विजयी छक्का लगाकर RCB को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाया और इसी प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
वैभव सूर्यवंशी बने 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट'
राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप पर कब्जा जमाया। वैभव का औसत 48.50 और स्ट्राइक रेट 237.30 रहा। पूरे सीजन में उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतक लगाए। उनके इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' का पुरस्कार मिला।
भुवनेश्वर की तारीफों के पुल बांध रहे हैं दिग्गज
IPL 2026 के दौरान भुवनेश्वर कुमार ने अपनी स्विंग, अनुभव और सटीक लाइन-लेंथ से कई मैचों में RCB को जीत दिलाई। अश्विन के बयान के बाद एक बार फिर यह बहस शुरू हो गई है कि क्या अनुभवी तेज गेंदबाज को उनके प्रदर्शन के मुताबिक पर्याप्त पहचान मिली या नहीं।