VIDEO: Deepti Sharma ने दिखाई गजब की रिफ्लेक्स, अपनी ही गेंद पर लपका Hayley Matthews का जबरदस्त कैच

cricketnmore.com NaN days ago
VIDEO: Deepti Sharma ने दिखाई गजब की रिफ्लेक्स, अपनी ही गेंद पर लपका Hayley Matthews का जबरदस्त कैच
VIDEO: Deepti Sharma ने दिखाई गजब की रिफ्लेक्स, अपनी ही गेंद पर लपका Hayley Matthews का जबरदस्त कैच (Image Source: X)

The Hundred Women 2026: द हंड्रेड विमेंस 2026 के पहले मुकाबले में भारतीय स्टार ऑलराउंडर दीप्ती शर्मा (Deepti Sharma) ने अपनी शानदार फील्डिंग से सभी का ध्यान खींच लिया। उन्होंने अपनी ही गेंद पर गजब की फुर्ती दिखाते हुए हेली मैथ्यूज (Hayley Matthews) का शानदार कैच लपका।

इंग्लैंड में खेले जा रहे 100 गेंदों के टूर्नामेंट द हंड्रेड विमेंस 2026 के ओपनिंग मुकाबले में मंगलवार (21 जुलाई) को द ओवल के मैदान पर एमआई लंदन और सनराइजर्स लीड्स की टीमें आमने-सामने थीं। इस मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ती शर्मा ने अपनी शानदार गेंदबाजी के साथ-साथ गजब की फील्डिंग का भी नजारा पेश किया।

एमआई लंदन की ओर से वेस्टइंडीज की विस्फोटक बल्लेबाज हेली मैथ्यूज और इंग्लैंड की अनुभवी ओपनर डैनियल वैट-हॉज ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 37 गेंदों में 56 रन जोड़ दिए थे और सनराइजर्स लीड्स के सामने इस सलामी साझेदारी को तोड़ना बड़ी चुनौती दिखा रहा था।

ऐसे में टीम के लिए यह जिम्मेदारी दीप्ती शर्मा ने निभाई। पारी की 58वीं गेंद पर उन्होंने शानदार गेंद डाली। हेली मैथ्यूज बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में थीं, लेकिन गेंद बल्ले पर सही तरीके से नहीं आई और सीधे दीप्ती शर्मा की तरफ गई। भारतीय ऑलराउंडर ने अपनी दाईं ओर शानदार रिफ्लेक्स दिखाते हुए बिजली की तेजी से कैच लपक लिया। 

VIDEO:

इस शानदार कैच के साथ हेली मैथ्यूज की आक्रामक पारी का अंत हो गया। उन्होंने 22 गेंदों में 33 रन बनाए और एमआई लंदन का पहला विकेट 56 रन के स्कोर पर गिरा। दीप्ती शर्मा ने गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 15 गेंदों में 20 रन देकर 2 अहम विकेट अपने नाम किए।

अगर मुकाबले की बात करें तो एमआई लंदन की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 107 रन ही बना सकी। टीम के लिए हेली मैथ्यूज ने 22 गेंदों में 33 रन, जबकि डैनियल वैट-हॉज ने 20 गेंदों में 29 रन का योगदान दिया।

जवाब में सनराइजर्स लीड्स ने लक्ष्य का पीछा बेहद आसानी से कर लिया। ऑस्ट्रेलिया की फीबी लिचफील्ड ने 26 गेंदों में 43 रन की शानदार पारी खेली, जबकि एनाबेल सदरलैंड ने 23 गेंदों में नाबाद 30 रन बनाकर टीम को 31 गेंदें शेष रहते जीत दिला दी।