Fastest Ball of IPL 2026: देखते रह गए कगिसो रबाडा और जोफ्रा आर्चर, अनकैप्ड खिलाड़ी ने फेंक दी सीजन की सबसे तेज गेंद

Times Now Hindi NaN days ago
Image
अशोक शर्मा (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

GT vs RR, IPL 2026: आईपीएल का मूल मंत्र है 'यत्र प्रतिभा अवसर प्राप्नोति' जहां प्रतिभा को अवसर प्राप्त होता है। इसी के अनुरूप आईपीएल ने भारत सहित दुनिया को कई बेहतरीन युवा क्रिकेटर दिए हैं। ऐसा ही एक बार फिर मौजूदा सीजन में भी देखने को मिल रहा है। शनिवार को आईपीएल के मौजूदा सीजन के गुजरात टाइटन्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले गए मुकाबले में देखने को मिला।

154.1 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से फेंकी गेंद

पारी के 16वें ओवर की आखिरी गेंद पर 23 साल के तेज़ गेंदबाज अशोक शर्मा ने अपनी रफ्तार का जादू दिखाया और 154.1 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से आईपीएल 2026 की सबसे तेज गेंद फेंक दी। इससे दो गेंद पहले उन्होंने 150.7 किमी प्रतिंघंटे की रफ्तार से गेंद फेंककर सबको हैरान कर दिया। अशोक शर्मा से पहले आईपीएल में सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीकी पेसर एनरिक नॉर्खिया के नाम था। उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलते हुए 150.9 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंद दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ फेंकी थी। ऐसे में भारत के एक अनजान अनकैप्ड तेज गेंदबाज ने दुनिया के दिग्गज पेसर्स को पछाड़कर आईपीएल 2026 की सबसे तेज गेंद पर अपना नाम दर्ज करा लिया।

पंजाब किंग्स के खिलाफ किया था आईपीएल डेब्यू

अशोक शर्मा ने पंजाब किंग्स के खिलाफ न्यू चंड़ीगढ में खेले गए मुकाबले में आईपीएल डेब्यू किया था। उन्होंने डेब्य मैच में 31 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया था। मार्को यानसेन उनके आईपीएल करियर का पहला शिकार बने थे। ऐसे में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में एक लाख दर्शकों की मौजूदगी में अशोक शर्मा ने अपना असली रूप दिखाया और सीजन की सबसे तेज गेंद फेंककर सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया। अब हर भारतीय प्रशंसक यह जानना चाहता है कौन हैं भारत के युवा स्पीड स्टार अभिषेक शर्मा?

आईपीएल में पांचवीं सबसे तेज गेंद फेंकने वाले भारतीय

आईपीएल के इतिहास में सबसे तेज गेंद फेंकने वाले भारतीय गेंदबाज उमरान मलिक हैं। उमरान ने 157 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी। उनके बाद दूसरे नंबर पर 156.70 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार के साथ मंयक यादव हैं। इस सूची में तीसरे स्थान पर उमरान मलिक(156 किमी प्रति घंटा) और चौथे पर मयंक यादव (155.80 प्रति घंटा) हैं। इमके बाद पांचवें स्थान पर अशोक शर्मा का नाम 154.1 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार वाली गेंद के साथ दर्ज हो गया है।

कौन हैं अशोक शर्मा?

अशोक शर्मा का संबंध राजस्थान से है। वो जयपुर के करीब स्थित रामपुरा गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता नाथू राम शर्मा किसान हैं। 17 जून, 2002 को जन्में अशोक को बचपन से ही क्रिकेट खेलने का शौक था। उन्होंने अपनी रफ्तार और स्विंग के बल पर राजस्थान की टीम में जगह बनाई और वहां से आईपीएल में एंट्री की। केकेआर ने साल 2022 में 55 लाख रुपये की कीमत पर अपनी टीम में शामिल किया था लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। इसके बाद उनकी साल 2025 में राजस्थान रॉयल्स में एंट्री हुई। इस बार उन्हें इसके एवज में 30 लाख रुपये मिले। इस बार भी वो एक भी मैच नहीं खेल सके। लेकिन 2026 में 30 लाख की कीमत पर गुजरात ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया और डेब्यू का मौका पहले ही मैच में दे दिया।

पिता चाहते थे सरकारी नौकरी करे बेटा

अशोक के पिता चाहते थे कि वो अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें और सरकारी नौकरी हासिल करने के लिए तैयारी करें। उनके भाई अक्षय शर्मा ने अपना क्रिकेट करियर वित्तीय परेशानियों की वजह से छोड़ दिया क्योंकि पिता एक का ही बोझ उठा सकते हैं। भाई से ही टेनिस बॉल क्रिकेट खेलते हुए तेज गेंदबाजी के गुर अशोक ने सीखे। अशोक पास शुरुआत में अच्छे जूते भी नहीं थे। उनके कोच विवेक यादव ने उनका साथ दिया। ऐसी स्थिति का सामना करने के बावजूद अशोक गांव से आईपीएल का सफर तय करने में सफल रहे और मौका मिलने के बाद अपनी छाप छोड़ने में सफल रहे। अशोक डेल स्टेन को अपना आदर्श मानते हैं और उनके जैसी गेंदबाजी करने की कोशिश करते हैं।

क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें CSK बनाम PBKS छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स ... और देखें

End of Article