IND vs AFG: अफगानिस्तान टेस्ट से पहले टीम इंडिया को मिला नया कोच, राहुल द्रविड़ के साथ भी काम कर चुके
By: सौरभ मिश्रा
IND vs AFG Test: अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले इकलौते टेस्ट से पहले भारतीय क्रिकेट टीम ने अपने सपोर्ट स्टाफ को मजबूत किया। पूर्व भारतीय लेग स्पिनर साईराज बहुतुले को टीम इंडिया का नया स्पिन गेंदबाजी कोच बनाया गया। 53 साल के बहुतुले न्यू चंडीगढ़ में 6 जून से शुरू होने वाले अफगानिस्तान टेस्ट से पहले टीम से जुड़ गए। वह सिर्फ टेस्ट क्रिकेट ही नहीं, बल्कि सीमित ओवरों के फॉर्मेट में भी भारतीय स्पिन गेंदबाजों के साथ काम करेंगे।
साईराज बहुतुले हाल ही में आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के स्पिन गेंदबाजी कोच के रूप में काम कर रहे थे। घरेलू क्रिकेट और कोचिंग के क्षेत्र में उनके पास लंबा अनुभव है। वह पहले केरल और बंगाल की टीमों के साथ भी काम कर चुके। इसके अलावा 2018 से 2021 तक राजस्थान रॉयल्स के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा रहे। इसके बाद उन्होंने नेशनल क्रिकेट अकादमी में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बहुतुले ने राहुल द्रविड़ के कार्यकाल के दौरान इंडिया-ए और सीनियर भारतीय टीम के कुछ दौरों में सपोर्ट स्टाफ की जिम्मेदारी निभाई थी। आईपीएल 2025 में वह एक बार फिर राजस्थान रॉयल्स के साथ जुड़े थे और अब उन्हें टीम इंडिया में अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बहुतुले के अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा। उन्होंने 1997 में भारत के लिए डेब्यू किया था और 2003 में अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेला। इस दौरान उन्हें केवल दो टेस्ट और आठ वनडे मैच खेलने का मौका मिला। हालांकि घरेलू क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड शानदार रहा। उन्होंने 188 प्रथम श्रेणी मैचों में 630 विकेट और 143 लिस्ट-ए मुकाबलों में 197 विकेट हासिल किए। करीब दो दशक लंबे करियर में वह घरेलू क्रिकेट के सबसे सफल स्पिनरों में गिने गए।
बहुतुले ऐसे समय टीम इंडिया से जुड़े हैं जब भारतीय टीम के सपोर्ट स्टाफ में कोई स्थायी स्पिन गेंदबाजी कोच नहीं था। अब वह मुख्य कोच गौतम गंभीर, बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक, तेज गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल, फील्डिंग कोच टी दिलीप और सहायक कोच रयान टेन डोशेट के साथ काम करेंगे।
भारत फिलहाल विश्व टेस्ट चैंपियनशिप अंक तालिका में छठे स्थान पर है। टीम ने अब तक चार टेस्ट जीते, चार हारे और एक ड्रॉ खेला है। हाल के वर्षों में भारत को घरेलू मैदान पर भी निराशा मिली है। टीम 2024 में न्यूजीलैंड से 3-0 और 2025 में दक्षिण अफ्रीका से 2-0 से टेस्ट सीरीज हार चुकी है। ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी टेस्ट से भारत नई शुरुआत की उम्मीद करेगा।