IND Vs NZ 2nd T20I: गेंद पकड़ने के जुनून में सबकुछ भूल गया फैन, Glenn Phillips के छक्के पर लगा दी छलांग; VIDEO
IND Vs NZ 2nd T20I: भारत और न्यूजीलैंड के बीच शनिवार (24 अक्टूबर) को क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में मैदान पर एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला। न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स (Glenn Phillips) ने जोरदार छक्का लगाया तो स्टैंड में मौजूद एक दर्शक ने गेंद को पकड़ने के लिए अपनी जगह से छलांग लगा दी।
यह वाकया न्यूजीलैंड की पारी के 15वें ओवर में हुआ, जब भारतीय स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की पहली गेंद पर फिलिप्स ने बैकफुट से बड़ा शॉट खेला और गेंद को लॉन्ग ऑन के उपर से काफी दूर पहुंचा दिया। गेंद बाउंड्री के पार जा रही थी, तभी उसे पकड़ने की कोशिश में वहां बैठे एक दर्शक ने अपनी जगह से छलांग लगा दी।
लेकिन गेंद को लपकने के चक्कर में फैन अपना संतुलन नहीं संभाल पाया और फेंसिंग के पार गिर गया। वह बाउंड्री के पीछे लगे विज्ञापन बोर्ड के पास जा पहुंचा। वहां मौजूद लोगों के बीच इस घटना को देखकर हंसी का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि दर्शक को कोई चोट नहीं आई।
VIDEO:
What watching too much Glenn Phillips does to a man Watch the HERO VIDA India Tour of New Zealand, 2nd T20I LIVE NOW on Sony Sports Network TV channels, Sony LIV & Sony Vizha. #SonySportsNetwork #SonyLIV #SonyVizha #NZvIND https://t.co/Z3Ua49oS8p
Sony Sports Network (SonySportsNetwk) October 24, 2026
मैच की बात करें तो न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाए। टीम की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों में 70 रन ठोके, जबकि बेवन जैकब्स ने 46 गेंदों में 58 रन की पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत और बीच के ओवरों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला, लेकिन तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी ने आखिर में शानदार बल्लेबाजी कर मैच का रुख पलट दिया। तिलक ने 26 गेंदों में नाबाद 51 रन बनाए, जबकि नीतीश ने सिर्फ 13 गेंदों में नाबाद 26 रन ठोक दिए। दोनों ने सातवें विकेट के लिए नाबाद 69 रन की साझेदारी कर भारत को 19.5 ओवर में 6 विकेट पर 181 रन तक पहुंचाया और टीम को 4 विकेट से रोमांचक जीत दिला दी। इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली।