IPL 2026: मुंबई इंडियन्स के खिलाफ समीर रिज़वी ने धमाल मचाकर रचा इतिहास, हुई स्पेशल क्लब में एंट्री
Sameer Rizvi's Inning against Mumbai Indians: दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल रहे यूपी के युवा बल्लेबाज समीर रिज़वी ने शनिवार को अरुण जेटली स्टेडियम में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियन्स के खिलाफ जीत के लिए 163 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इतिहास रच दिया है। दिल्ली के लिए इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट के रूप में खेलते हुए रिज़वी ने 51 गेंद में 90 रन की शानदार पारी खेली और लगातार दूसरे मैच में अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका अदा की। दिल्ली ने रिज़वी को अपनी टीम में 95 लाख रुपये की कीमत में टीम में शामिल किया था और शानदार प्रदर्शन के बल पर ये कीमत अदा करते नजर आ रहे हैं और टीम के लिए नए मैच विनर बनकर उभरे हैं।
मुंबई के खिलाफ मचाया कोहराम, शतक से चूके
रिजवी आईपीएल में अपना शतक पूरा करने से 10 रन से चूक गए। 16 ओवर में दिल्ली ने 16 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 149 रन बना लिए थे। मुंबई के खिलाफ जीत के लिए दिल्ली को 24 गेंद में 14 और रिजवी को शतक पूरा करने के लिए 12 रन की जरूरत थी। ऐसे में उन्होंने कार्बिन बॉश की पहली गेंद पर दो रन लिए और दूसरी गेंद पर छक्का जड़ने की कोशिश की लेकिन गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाने में नाकाम रहे। रिज़वी 51 गेंद में 90 रन बनाकर पवेलियन लौटे। रिज़वी ने मुंबई के खिलाफ 176.47 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए अपनी पारी में सात चौके और सात छक्के जड़े।
ऑरेंज कैप पर किया कब्जा
समीर रिजवी ने अपनी 51 गेंद में 90 रन की पारी के दौरान रोहित शर्मा को पछाड़कर आईपीएल 2026 की ऑरेंज कैप पर कब्जा कर लिया। रिज़वी के खाते में 2 मैच की 2 पारी में 160 के औसत से 160 रन दर्ज हो गए हैं। रिज़वी ने लखनऊ के खिलाफ मुकाबले में 70 रन की पारी खेली थी। रोहित के खाते में 2 पारी में 113 रन दर्ज हैं। रिज़वी हिटमैन से काफी आगे निकल गए हैं।
दिल्ली के लिए बने संकटमोचक
रिजवी जब बल्लेबाजी करने उतर तब दिल्ली ने 7 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे। केएल राहुल 1 और नीतीश राणा खाता खोले बगैर पवेलियन लौट गए थे। रिजवी ने ऐसे में पथुम निशंका के साथ मोर्चा संभाला और टीम को 7.2 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 40 गेंद में पूरी कर ली और टीम को जीत की पटरी पर वापस ले आए।
पहली 15 गेंद में बनाए 9 रन, 31 गेंद में जड़ा पचासा
रिजवी ने अपनी पहली 15 गेंद में केवल 9 रन बनाए थे। इसके बाद उन्होंने गियर बदले और लगातार दूसरा अर्धशतक 31 गेंद में अपना अर्धशतक 4 चौके और 4 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। अर्धशतक पूरा करने के बाद रिजवी ने मुंबई के गेंदबाजों के छक्के छुड़ा दिए और टीम 16 ओवर में जीत के मुहाने पर पहुंचा दिया। रिजवी जब आउट हुए तब दिल्ली ने 151 रन बना लिए थे। रिजवी के आउट होने के दिल्ली ने 11 गेंद 6 विकेट शेष रहते मैच अपने नाम कर लिया। रिजवी को उनकी मैच जिताऊ पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
अनकैप्ड प्लेयर के स्पेशल क्लब में हुई एंट्री
समीर रिजवी ने आईपीएल 2026 में शुरुआत वहीं से की है जहां उन्होंने पिछले सीजन अंत किया था। आईपीएल 2025 के आखिरी मुकाबले में समीर रिज़वी ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 58* (25) रन की पारी खेली थी। इसके बाद उन्होंने मौजूदा सीजन की शुरुआत लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 70(47) रन की पारी खेलकर की और अब मुंबई इंडियन्स के खिलाफ 51 गेंद में 90 रन जड़ दिए। इसके साथ ही रिज़वी आईपीएल के इतिहास में लगातार तीन मैच में अर्धशतक जड़ने वाले तीसरे और दिल्ली के पहले अनकैप्ड प्लेयर बन गए हैं। रिज़वी से पहले ये कारनामा साल 2020 में रुतुराज गायकवाड़ ने और 2025 में प्रभसिमरन सिंह ने किया था। रुतराज ने सीएसके के लिए और प्रभसिमरन ने पंजाब के लिए ये उपलब्धि हासिल की थी।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें CSK बनाम PBKS छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स ... और देखें
End of Article