वह बहुत अच्छे से खेलते हैं, ईशान किशन की बैटिंग के दीवाने हुए इरफान पठान
Irfan Pathan on Ishan Kishan: टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने नामीबिया को 93 रनों से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की. ईशान किशन (61) रन की पारी खेली. इसके साथ ही इरफान पठान ने किशन की जमकर तारीफ की.
Highlights
Irfan Pathan on Ishan Kishan: टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में भारतीय टीम का शानदार सफर जारी है. गुरुवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मैच में भारत ने नामीबिया (IND vs NAM) को 93 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया. यह टूर्नामेंट में भारत की लगातार दूसरी जीत है. इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ग्रुप-ए के पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है.
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन (Ishan Kishan) और हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) की फिफ्टी की बदौलत 209 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में नामीबिया की टीम 116 रन पर ढेर हो गई. टीम इंडिया की जीत के बाद पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान (Irfan Pathan) ने ईशान किशन की बैटिंग की जमकर तारीफ की.
ईशान की बल्लेबाजी पर बोले इरफान
भारत की जीत में ईशान किशन ने अहम भूमिका निभाई. उन्होंने सिर्फ 24 गेंदों में 61 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. इसपर जिओस्टार के कार्यक्रम में पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने ईशान की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि ईशान शॉर्ट बॉल को बहुत अच्छे से खेलते हैं और उनके पास शॉट खेलने का काफी समय होता है. घरेलू क्रिकेट का फॉर्म उन्होंने यहां भी जारी रखा है. इरफान ने यह भी कहा कि नामीबिया के गेंदबाजों ने ईशान को ऑफ साइड पर ज्यादा खेलने का मौका नहीं दिया, जिसका ईशान ने पूरा फायदा उठाया और लेग साइड पर खूब रन बटोरे.
हार्दिक और ईशान ने बल्लेबाजी
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम ने धमाकेदार शुरुआत की. ईशान किशन के अलावा हार्दिक पांड्या ने भी बल्ले से आग उगली. हार्दिक ने 28 गेंदों में 52 रन ठोके. इन दोनों की पारियों के दम पर भारत ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 209 रन बनाए. नामीबिया के गेंदबाजों के पास भारतीय बल्लेबाजों को रोकने का कोई जवाब नहीं था. बीच के ओवरों में ईशान और हार्दिक ने मिलकर स्कोरबोर्ड को तेजी से चलाया.
चक्रवर्ती की स्पिन में फंसा नामीबिया
210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया ने शुरुआत तो अच्छी की थी. पावरप्ले खत्म होने तक उन्होंने 1 विकेट पर 57 रन बना लिए थे और भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बना दिया था. लेकिन जैसे ही स्पिनर्स आए, मैच का पूरा पासा पलट गया. वरुण चक्रवर्ती ने अपने दो ओवरों में सिर्फ 7 रन देकर 3 विकेट झटके और नामीबिया की कमर तोड़ दी. वहीं अक्षर पटेल ने 20 रन देकर 2 और हार्दिक पांड्या ने 21 रन देकर 2 विकेट लिए. पूरी नामीबिया टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर सिमट गई.
अभिषेक की कमी, नायर का बयान
इस मैच में भारत के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा पेट में इन्फेक्शन की वजह से नहीं खेल पाए. जिओस्टार के कार्यक्रम में एक्सपर्ट अभिषेक नायर ने कहा कि पावरप्ले में अभिषेक शर्मा का बहुत बड़ा असर होता है. वह स्पिन और पेस दोनों के खिलाफ तेजी से रन बनाते हैं. उनकी जगह संजू सैमसन ने ओपनिंग की और 8 गेंदों में तेज 22 रन बनाए. नायर ने कहा कि टीम को हालात के हिसाब से खेलना चाहिए. उम्मीद है कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच में अभिषेक शर्मा वापसी करेंगे.
पाकिस्तान से होगा महामुकाबला
इस जीत के बाद भारत के हौसले बुलंद हैं. अब सबकी नजरें रविवार को होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच पर हैं. भारत अभी नेट रन रेट के आधार पर पाकिस्तान से आगे है और ग्रुप में नंबर वन है. अगर अभिषेक शर्मा फिट नहीं होते हैं, तो संजू सैमसन ही पाकिस्तान के खिलाफ ओपनिंग करते दिख सकते हैं. भारत ने पिछले दो सालों में टी20 में बहुत कुछ सही किया है और टीम उसी लय को पाकिस्तान के खिलाफ भी बरकरार रखना चाहेगी.