VIDEO: Haris Rauf ने Will Jacks को दिखाया बल्ला, Joe Root को बीच में आकर संभालना पड़ा मामला
PAK vs ENG, ODI Tri-Series 2026: पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच रविवार (25 अक्टूबर) को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए वनडे ट्राई सीरीज के चौथे मुकाबले में रोमांच के साथ मैदान पर तनाव भी देखने को मिला। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ (Haris Rauf) और इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स (Will Jacks) के बीच तीखी बहस हो गई।
यह घटना पाकिस्तान की पारी के 46वें ओवर की आखिरी गेंद पर हुई। उस समय सैम करन गेंदबाजी कर रहे थे और पाकिस्तान की ओर से शादाब खान 99 रन बनाकर खेल रहे थे। करन ने शादाब को एक तेज बाउंसर डाली, जो काफी ऊंची थी। शादाब ने इस गेंद के बाद स्क्वायर लेग अंपायर की तरफ देखकर वाइड देने की अपील की, लेकिन अंपायर ने उनकी अपील स्वीकार नहीं की।
इसी दौरान नॉन-स्ट्राइकर छोर पर खड़े हारिस रऊफ की पास में फील्डिंग कर रहे विल जैक्स से बहस शुरू हो गई। वीडियो में रऊफ जैक्स की तरफ बल्ला दिखाते हुए आक्रामक अंदाज में आगे बढ़ते नजर आए। हालात बिगड़ने से पहले ही अंपायर ने दोनों के बीच आकर हस्तक्षेप किया। इसके बाद जो रूट भी तेजी से वहां पहुंचे और रऊफ को अपने साथ लेकर दूसरी तरफ चले गए।
VIDEO:
Sam Curran bowls a BOUNCER! Shadab Khan wants a WIDE as Umpire says NO TheRealPCB Haris Rauf has a verbal FIGHT with englandcricket Will Jacks as Joe Root is the peacemake Drama in #PakistanCricket #PAKvENG https://t.co/lajM8FGfdf
Chacha Abdul Shakoor (ChachaAbdulSh10) October 25, 2026
मैदान पर यह तनाव ऐसे समय देखने को मिला, जब पाकिस्तान की टीम इंग्लैंड के 242 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुश्किल में फंसी हुई थी। टीम ने 154 रन तक अपने नौ विकेट गंवा दिए थे और उसकी हार लगभग तय मानी जा रही थी। लेकिन आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे शादाब खान ने शानदार पारी खेलकर मुकाबले का रुख पलट दिया। उन्होंने 90 गेंदों में नाबाद 113 रन बनाए और पाकिस्तान को जीत तक पहुंचाया।
शादाब को दूसरे छोर पर आखिरी बल्लेबाज हारिस रऊफ का साथ मिला। रऊफ ने अपनी विकेट बचाई और 19 गेंदों में नाबाद 7 रन बनाए। दोनों ने दसवें विकेट के लिए 80 गेंदों में नाबाद 89 रन की साझेदारी की, जिसके चलते पाकिस्तान ने एक विकेट शेष रहते और 17 गेंदें बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।