पाकिस्तान के खिलाफ शुरुआती विकेट के लिए इस गेंदबाज का इस्तेमाल करें: संजय बांगर
नई दिल्ली : पूर्व भारतीय क्रिकेटर Sanjay Bangar का मानना है कि पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में Jasprit Bumrah का इस्तेमाल पारी की शुरुआत में किया जाना चाहिए, ताकि पावरप्ले में शुरुआती विकेट लेकर विपक्ष पर दबाव बनाया जा सके।
‘फॉलो द ब्लूज’ कार्यक्रम में जियोस्टार विशेषज्ञ के तौर पर बात करते हुए बांगर ने कहा कि बुमराह को किसी भी चरण में गेंदबाजी के लिए उतारें, वे टीम के लिए फायदेमंद साबित होंगे, लेकिन पाकिस्तान जैसी मजबूत टीम के खिलाफ शुरुआती झटके देना ज्यादा अहम है। उनके मुताबिक पावरप्ले के विकेट मैच की दिशा तय कर सकते हैं।
स्पिन अटैक को मजबूत करने की सलाह
बांगर ने भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन पर भी राय दी। उन्होंने कहा कि भारत अपने स्पिन आक्रमण को और मजबूत कर सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि एक अतिरिक्त स्पिनर के तौर पर Kuldeep Yadav को टीम में शामिल किया जाए और एक तेज गेंदबाज को बाहर किया जा सकता है, जिसमें Arshdeep Singh का नाम सामने आया।
उनका मानना है कि पाकिस्तान के बल्लेबाज स्पिन के खिलाफ थोड़ी परेशानी महसूस कर सकते हैं, जैसा कि पिछले टूर्नामेंट में भी देखा गया था।
बड़े मैदान पर बदलेगी रणनीति
भारतीय बल्लेबाजों के स्पिन के खिलाफ संघर्ष पर बांगर ने कहा कि शुरुआती मैचों में भारत ने बीच के ओवरों में स्पिन के कारण विकेट गंवाए, लेकिन इसका कारण तेजी से बड़ा स्कोर बनाने का दबाव भी था।
पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में, खासकर कोलंबो जैसे बड़े मैदान पर, भारत अलग रणनीति अपना सकता है—ज्यादा स्ट्राइक रोटेशन, दो और तीन रन लेने पर जोर और संयमित शॉट चयन। बांगर को भरोसा है कि पाकिस्तान के खिलाफ भारत पिछली गलतियों को नहीं दोहराएगा और बेहतर रणनीति के साथ उतरेगा।