दिलीप ट्रॉफी के लिए वेस्ट जोन टीम का ऐलान, शार्दुल ठाकुर की जगह इस खिलाड़ी को बनाया कप्तान

Punjabkesari.in NaN days ago
Sports

नई दिल्ली : भारतीय ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ को आने वाली दिलीप ट्रॉफी के लिए स्टार खिलाड़ियों से सजी वेस्ट जोन टीम का कप्तान बनाया गया है जबकि अनुभवी बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर शम्स मुलानी को उप-कप्तान नियुक्त किया गया है। यह टीम सोमवार को जोनल सिलेक्शन कमिटी की बैठक के बाद घोषित की गई। यह टूर्नामेंट 23 अगस्त से 10 सितंबर तक बेंगलुरु में BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) ग्राउंड्स पर खेला जाएगा। 

पिछले साल भारत के सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर ने वेस्ट जोन की कप्तानी की थी और टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी, लेकिन फाइनल में नहीं जा सकी क्योंकि सेंट्रल जोन ने पहली पारी में बढ़त हासिल कर ली थी। अब आने वाले टूर्नामेंट के लिए कप्तानी की जिम्मेदारी ठाकुर से गायकवाड़ को सौंप दी गई है। गायकवाड़ IPL में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की कप्तानी भी करते हैं और हाल ही में श्रीलंका 'A' के खिलाफ 50-ओवर की ट्राई-सीरीज़ और रेड-बॉल मैचों के लिए भारत 'A' टीम का हिस्सा थे। 

टीम में हार्विक देसाई और उर्विल पटेल के रूप में दो स्पेशलिस्ट विकेट-कीपर शामिल हैं, जिससे विकेट के पीछे मजत विकल्प सुनिश्चित होते हैं। गायकवाड़ के अलावा पृथ्वी शॉ और खान बंधु सरफराज और मुशीर को भी शामिल किया गया है। उनके साथ जयमीत पटेल और शिवालिक शर्मा मिलकर एक मजबूत बैटिंग लाइन-अप बनाते हैं। 

स्पिन बॉलिंग की जिम्मेदारी उप-कप्तान मुलानी, ऑफ-स्पिन ऑलराउंडर तनुष कोटियन और बाएं हाथ के स्पिनर सिद्धार्थ देसाई संभालेंगे। तेज गेंदबाजी विभाग में ठाकुर के साथ-साथ तुषार देशपांडे, मुकेश चौधरी और ऑलराउंडर अतीत सेठ शामिल हैं। 

सिलेक्टरों ने चोट जैसी किसी भी स्थिति से निपटने के लिए 6 सदस्यों की स्टैंडबाय लिस्ट भी जारी की है। स्टैंडबाय खिलाड़ियों में जय गोहिल, आर्या देसाई, अर्शिन कुलकर्णी, महेश पिठिया, विशाल जयसवाल और राजवर्धन हंगरगेकर शामिल हैं। 

वेस्ट जोन की टीम : 

रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), शम्स मुलानी (उप-कप्तान), हार्विक देसाई (विकेटकीपर), उर्विल पटेल (विकेटकीपर), जयमीत पटेल, पृथ्वी शॉ, शिवालिक शर्मा, सिद्धार्थ देसाई, सरफराज खान, मुशीर खान, अतीत सेठ, मुकेश चौधरी, तनुष कोटियन, शार्दुल ठाकुर और तुषार देशपांडे।

रिजर्व खिलाड़ी : जय गोहिल, आर्या देसाई, अर्शिन कुलकर्णी, महेश पिठिया, विशाल जयसवाल और राजवर्धन हंगरगेकर।