IND vs ENG: कुलदीप यादव क्यों रहे पूरी इंग्लैंड सीरीज में टीम से बाहर? शुभमन गिल ने बताई वजह
स्पोर्ट्स डेस्क: भारत के बाएं हाथ के चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में एक भी मुकाबला खेले बिना स्वदेश लौटेंगे। लॉर्ड्स में खेले गए निर्णायक तीसरे वनडे में भी उन्हें अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली, जबकि मैच के दौरान स्पिनरों को मदद मिलती दिखाई दी। इस फैसले पर सवाल उठने के बाद कप्तान शुभमन गिल ने पहली बार इसकी वजह बताई।
'तेज गेंदबाजों से आक्रमण करना चाहते थे'
पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में शुभमन गिल ने कहा कि शुरुआती दोनों वनडे में पिच से स्पिनरों को ज्यादा मदद नहीं मिली थी। इसी वजह से टीम मैनेजमेंट ने अतिरिक्त स्पिनर खिलाने के बजाय तेज गेंदबाजों पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा, 'पहले दो मैचों में हमने देखा कि पिच स्पिनरों के लिए ज्यादा मददगार नहीं थी। जब स्पिनर गेंदबाजी करते थे तो हमें रक्षात्मक फील्ड लगानी पड़ती थी, जबकि तेज गेंदबाजों के साथ विकेट मिलने की संभावना ज्यादा दिख रही थी। इसी सोच के साथ हमने अतिरिक्त स्पिनर नहीं खिलाया।'
बाद में बदली पिच, गिल ने मानी गलती
हालांकि गिल ने माना कि मैच आगे बढ़ने के साथ विकेट धीमा हो गया और बाद में स्पिन गेंदबाजी ज्यादा प्रभावी साबित हो सकती थी।उन्होंने कहा, 'अब पीछे मुड़कर देखें तो लगता है कि स्पिनर बेहतर विकल्प हो सकता था। जब हम गेंदबाजी कर रहे थे तब ऐसा नहीं लग रहा था कि विकेट इतना धीमा होगा, लेकिन दूसरी पारी में पिच काफी स्लो हो गई।'
पेस अटैक नहीं दिला सका सफलता
भारत की रणनीति मैदान पर सफल नहीं रही। चारों तेज गेंदबाज महंगे साबित हुए।
गुरनूर बरार ने 97 रन लुटाए।
अर्शदीप सिंह 72 रन देकर विकेट नहीं ले सके।
प्रसिद्ध कृष्णा ने 69 रन खर्च किए।
प्रिंस यादव ने 79 रन दिए।
वहीं अक्षर पटेल सबसे किफायती गेंदबाज रहे। उन्होंने 10 ओवर में सिर्फ 61 रन दिए।
पूरी सीरीज में नहीं मिला मौका
कुलदीप यादव को इंग्लैंड के खिलाफ तीनों वनडे में प्लेइंग XI से बाहर रखा गया। उन्होंने अपना पिछला वनडे पिछले महीने अफगानिस्तान के खिलाफ लखनऊ में खेला था, जहां 10 ओवर में 42 रन देकर कोई विकेट नहीं ले सके थे।
इंग्लैंड में कैसा रहा कुलदीप का रिकॉर्ड?
कुलदीप यादव ने इंग्लैंड में अब तक 10 वनडे मुकाबले खेले हैं, जिनमें 15 विकेट लिए हैं। उनका औसत 32.44 और इकोनॉमी लगभग 5 रन प्रति ओवर रही है। लॉर्ड्स में खेले अपने इकलौते वनडे में उन्होंने 68 रन देकर तीन विकेट भी चटकाए थे, लेकिन भारत वह मुकाबला हार गया था।
अब अगली वनडे सीरीज कब?
भारत अब सितंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज खेलेगा। ऐसे में देखने वाली बात होगी कि घरेलू परिस्थितियों में कुलदीप यादव को फिर से प्लेइंग XI में मौका मिलता है या नहीं।