PAK vs SL Test Series: पाकिस्तान टेस्ट टीम का ऐलान, सलमान आगा की वापसी; रिजवान बाहर, 3 नए चेहरों को मौका
By: हरिभूमि खेल डेस्क
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने श्रीलंका के खिलाफ खेली जाने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए 14 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। इस टीम में कुछ चौंकाने वाले फैसले देखने को मिले हैं। एक तरफ जहां सलमान अली आगा की टेस्ट टीम में वापसी हुई है, वहीं विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। टीम की कमान अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम संभालेंगे।
सलमान अली आगा और अली उस्मान की एक बार फिर टेस्ट टीम में वापसी हो गई है। ये वही खिलाड़ी हैं, जिन्हें कुछ वक्त पहले इंग्लैंड दौरे के बीच से ही पीसीबी ने वापस घर भेज दिया था। दिलचस्प बात यह है कि कुछ हफ्ते पहले ही सलमान से T20I की कप्तानी छीनी गई थी और उनकी जगह साहिबजादा फरहान को कप्तान बनाया गया था। हालांकि, वह अभी भी वनडे टीम का हिस्सा बने हुए हैं।
Changes in the test squad from the England tour: Dropped: Aamir Jamal, Imam-ul-Haq, Khurram Shahzad, Mohammad Ali, Mohammad Rizwan (WK), Awais Zafar, Sajid Khan, Imran Randhawa, Imran Jnr, Saim Ayub Selected: Mohammad Suleman, Mohammad Taha, Sameer Minhas 2 pacers to be added https://t.co/OcTFyXgtMp
— Usman (@jamilmusman_) October 24, 2026
रिजवान क्यों हैं बाहर?
दूसरी ओर, मोहम्मद रिजवान को टीम से बाहर किए जाने के पीछे साइबर जांच का साया बताया जा रहा है। लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान लंदन में उनका फोन जब्त कर लिया गया था, जिसके बाद पाकिस्तान की नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी इस मामले की जांच कर रही है।
इन तीन युवा खिलाड़ियों को पहली बार मिला मौका
श्रीलंका के खिलाफ इस सीरीज के लिए सलेक्टर्स ने घरेलू क्रिकेट के प्रदर्शन को तरजीह दी है और तीन नए खिलाड़ियों को पहली बार टेस्ट टीम में जगह दी है।
- 1. मोहम्मद ताहा: 26 साल के बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी ग्रेड 1 फर्स्ट क्लास टूर्नामेंट में गदर मचाया है। उन्होंने 7 मैचों में 3 शतकों की मदद से 730 रन ठोके हैं, जिसमें 225 उनका सर्वोच्च स्कोर रहा है।
- 2. मोहम्मद सुलेमान: प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म दिखाते हुए सुलेमान ने भी 3 शतकों के साथ 652 रन बनाए हैं।
- 3. समीर मिन्हास: पाकिस्तान अंडर-19 सिस्टम से निकलकर आए समीर ने अपने पहले ही फर्स्ट क्लास सीजन में 7 मैचों में 405 रन बनाकर अपनी छाप छोड़ी है।
कब और कहां खेले जाएंगे मुकाबले?
- पहला टेस्ट: 9 से 13 नवंबर तक रावलपिंडी में खेला जाएगा।
- दूसरा टेस्ट: 17 से 21 नवंबर तक लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में आयोजित होगा।
श्रीलंका सीरीज के लिए पाकिस्तान की टेस्ट टीम
बाबर आजम (कप्तान), अब्दुल्ला फजल, अली उस्मान, अराफात मिन्हास, अजान अवैस, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद गाज़ी घोरी (विकेटकीपर), मोहम्मद सुलेमान, मोहम्मद ताहा, रज़ाउल्लाह, साद बेग (विकेटकीपर), सलमान अली आगा, समीर मिन्हास और सऊद शकील।