IND vs PAK: ‘आउट ऑफ सिलेबस’ सवाल का डर नहीं, इस पाकिस्तानी हथियार से निपटने को तैयार टीम इंडिया

tv9hindi NaN days ago

हर बार की तरह इस बार भी भारत-पाकिस्तान मैच से पहले कोई एक खिलाड़ी चर्चाओं में है, जिसे मैच का रुख बदलने वाला माना जा रहा है. इस बार चर्चाओं के केंद्र में पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक हैं.

IND vs PAK: 'आउट ऑफ सिलेबस' सवाल का डर नहीं, इस पाकिस्तानी हथियार से निपटने को तैयार टीम इंडिया
सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी स्पिनर उस्मान तारिक की चुनौती पर जवाब दियाImage Credit source: PTI

भारत-पाकिस्तान की जब भी टक्कर होती है तो अक्सर ये देखा जाता रहा है कि मैच से पहले कोई एक खिलाड़ी चर्चा का केंद्र रहता है. कई सालों तक सचिन तेंदुलकर, शोएब अख्तर, एमएस धोनी, विराट कोहली, बाबर आजम, शाहीन अफरीदी जैसे स्टार खिलाड़ियों को लेकर बातें होती रहीं. कुछ ही महीनों पहले एशिया कप में अभिषेक शर्मा फोकस में थे. इस बार टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच से पहले ये बातें हो रही हैं पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक को लेकर, जो अपने एक्शन को लेकर चर्चाओं में हैं. कई बल्लेबाजों के लिए पहेली साबित हो रहे उस्मान तारिक को भारत के लिए खतरा माना जा रहा है लेकिन क्या टीम इंडिया इसके लिए तैयार है?

टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने से कुछ ही हफ्तों पहले दाएं हाथ के ऑफ स्पिनर उस्मान तारिक ने अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था. उससे पहले वो कैरेबियन प्रीमियर लीग समेत अन्य टूर्नामेंट में अपने अजीबोगरीब बॉलिंग एक्शन के कारण सुर्खियों में थे. बॉल रिलीज करने से ठीक पहले रुकना और फिर साइड-आर्म एक्शन के साथ गेंद को छोड़ने के कारण वो बल्लेबाजों के लिए आफत साबित होते रहे हैं. मगर साथ ही उनके एक्शन पर बवाल भी मचा है. इन्हीं वजहों से वर्ल्ड कप में भी उस्मान तारिक सबसे ज्यादा चर्चा में हैं.

तारिक के लिए कितनी तैयार टीम इंडिया?

खास तौर पर भारत के खिलाफ मैच से पहले उनको लेकर सबसे ज्यादा चर्चा है. ऐसे में उम्मीद तो यही है कि टीम इंडिया ने उनसे निपटने की तैयारी की होगी और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इसका भरोसा दिलाया है. मैच से एक दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब एक पाकिस्तानी पत्रकार ने तारिक को ‘आउट ऑफ सिलेबस’ सवाल बताया तो सूर्या ने कहा, “अगर परीक्षा में आप से सिलेबस के बाहर का सवाल पूछा जाता है तो आप उसे छोड़ते नहीं हो बल्कि जवाब देने की कोशिश करते हो.”

भारतीय कप्तान ने आगे कहा, “हम भी यही करने की कोशिश करेंगे. हां वो एक अलग तरह का गेंदबाज है लेकिन दूसरी ओर हम भी तो सरेंडर नहीं करेंगे. हम ऐसे ही अलग तरह के एक्शन वाले गेंदबाजों के साथ प्रैक्टिस करते हैं. हम नेट्स सेंशन में जो भी प्रैक्टिस कर रहे हैं, उसे मैदान पर उतारने की कोशिश करेंगे.”

भारतीय बल्लेबाजों के लिए इसलिए चुनौती होंगे तारिक

भारतीय टीम के लिए ये पहला मौका होगा जब वो उस्मान तारिक का सामना करेंगे. टीम इंडिया के लिए इस गेंदबाज से निपटना आसान नहीं होने वाला. इसकी कुछ वजहें हैं लेकिन सबसे अहम ये है कि कोलंबो की पिच के धीमे और स्पिनर्स की मददगार होने की उम्मीद है. दूसरा, भारतीय बैटिंग ऑर्डर में किसी भी वक्त में शीर्ष 8 में से 6 बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं. ऐसे में तारिक के लिए ये और भी मददगार हो सकता है. ऐसे में ये टक्कर इस मैच का रुख तय कर सकती है.