पश्चिम बंगाल सरकार ने घटाई टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की सुरक्षा

Times Now Hindi NaN days ago
Image
सौरव गांगुली (फोटो क्रेडिट BCCI)

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में नवगठित सुवेंदु अधिकारी सरकार इन दिनों राज्य के विशिष्ट लोगों की सुरक्षा की समीक्षा कर रही है। इसी क्रम में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली की सुरक्षा की समीक्षा की गई। इसी क्रम में बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन के मौजूदा अक्ष्यक्ष सौरव गांगुली की सुरक्षा को जेड श्रेणी से घटाकर वाई कर दिया गया है। पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा किए गए इस बदलाव के बाद गांगुली की सुरक्षा में अब 8 से 10 पुलिस कर्मियों के बजाए 3 से 4 पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे। जिसमें दो अधिकारी हथियार बंद पुलिस कर्मी होंगे जो उनके साथ हर वक्त रहेंगे।

2023 में मिली थी जेड श्रेणी की सुरक्षा

बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन (CAB) के मौजूदा अध्यक्ष सौरव गांगुली को ममता बनर्जी की सरकार ने मई 2023 में 'Z' श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की थी, जिसमें उनके कोलकाता स्थित आवास के लिए अतिरिक्त सुरक्षा भी शामिल थी। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों में उनकी सुरक्षा में तैनात कर्मियों की संख्या धीरे-धीरे कम कर दी गई थी, भले ही दस्तावेजों में उनकी सुरक्षा श्रेणी में कोई बदलाव नहीं किया गया था लेकिन जमीनी स्तर पर सुरक्षा लगातार घट रही थी। साल 2023 में सुरक्षा श्रेणी बढ़ाए जाने से पहले उन्हें 'Y' श्रेणी की सुरक्षा ही मिल रही थी।

तीन साल बाद हुआ सुरक्षा में बदलाव

सौरव गांगुली की सुरक्षा में बदलाव का यह नवीनतम निर्णय सरकार की उस नीति का हिस्सा है, जिसके तहत वीआईपी लोगों के दो जाने वाली सुरक्षा श्रेणी की समय-समय पर समीक्षा की जाती है; इस समीक्षा का आधार किसी व्यक्ति का सामाजिक रुतबा या सार्वजनिक पहचान न होकर, उसके खिलाफ संभावित खतरे का आकलन होता है। गांगुली को किसी तरह का गंभीर खतरा नहीं है। ऐसे में उनकी सुरक्षा श्रेणी में तकरीबन तीन साल बाद बदलाव किया गया है।

क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स ... और देखें

End of Article