IND vs AFG: दिल्ली बनेगा राशिद खान की टीम का होम ग्राउंड, सितंबर में खेली जाएगी टी20 सीरीज
स्पोर्ट्स डेस्क: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहली बार अफगानिस्तान भारत के खिलाफ अपनी घरेलू टी20 सीरीज की मेजबानी दिल्ली में करेगा। सितंबर 2026 में होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम अफगानिस्तान का अस्थायी होम ग्राउंड बनेगा। इससे पहले अफगानिस्तान भारत में ग्रेटर नोएडा और लखनऊ को अपने घरेलू मैदान के रूप में इस्तेमाल कर चुका है, लेकिन अब दिल्ली को भी उसकी "होम अवे फ्रॉम होम" सूची में शामिल किया गया है।
BCCI और ACB के बीच बनी सहमति
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से भारत दौरे की मांग की थी। भारत पहले ही अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट और वनडे सीरीज की मेजबानी कर रहा है।
अफगानिस्तान फिलहाल अपने देश में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी करने में सक्षम नहीं है। वहीं अमेरिका-ईरान-इजरायल क्षेत्र में जारी तनाव और मध्य-पूर्व की परिस्थितियों को देखते हुए टी20 सीरीज दिल्ली में कराने का फैसला लिया गया है।
BCCI के एक सूत्र ने बताया, 'बीसीसीआई और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के बीच अच्छे संबंध हैं। बीसीसीआई पहले भी आयरलैंड, श्रीलंका और जिम्बाब्वे जैसे बोर्डों की आर्थिक मदद के लिए भारतीय टीमों को वहां सीरीज खेलने भेजता रहा है। इसी तरह अफगानिस्तान बोर्ड के साथ भी समझ बनी है। कुछ औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आधिकारिक घोषणा की जाएगी।'
DDCA भी करेगा सहयोग
रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई ने अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड और दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) के बीच समझौता कराने में अहम भूमिका निभाई है। सूत्र ने कहा, 'बीसीसीआई ने ACB और DDCA के बीच समन्वय स्थापित किया है ताकि दिल्ली को अफगानिस्तान की घरेलू सीरीज के लिए उपलब्ध कराया जा सके। DDCA ने अपनी दिल्ली प्रीमियर लीग टी20 की योजना भी इसी हिसाब से बनाई है।'
कब होंगे तीनों मुकाबले?
भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 13 सितंबर को खेला जाएगा। दूसरा मैच 16 सितंबर और तीसरा मुकाबला 19 सितंबर को होगा।
पूरा कार्यक्रम
पहला टी20I – 13 सितंबर 2026
दूसरा टी20I – 16 सितंबर 2026
तीसरा टी20I – 19 सितंबर 2026
स्थान – अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली
एशियन गेम्स 2026 की तैयारी का मिलेगा मौका
सितंबर के आखिर में जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 को देखते हुए यह सीरीज बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। क्रिकेट प्रतियोगिता 23 सितंबर से शुरू होगी और इस सीरीज को भारतीय टीम की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, अजित अगरकर की अगुआई वाली चयन समिति को इस सीरीज की जानकारी दे दी गई है ताकि वह एशियन गेम्स के लिए 15 सदस्यीय टी20 टीम का चयन उसी हिसाब से कर सके।
बीसीसीआई सूत्र ने कहा, 'सीरीज का पूरा कार्यक्रम राष्ट्रीय चयन समिति के साथ साझा कर दिया गया है। एशियन गेम्स के लिए टीम चुनते समय इस सीरीज को ध्यान में रखा जाएगा।'
इससे पहले खेली जाएगी टेस्ट और वनडे सीरीज
अफगानिस्तान की टीम फिलहाल भारत दौरे पर है। दोनों टीमों के बीच 6 जून से मुल्लांपुर में एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा। इसके बाद 13 से 20 जून के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज आयोजित की जाएगी। इसके बाद सितंबर में दोनों टीमें टी20 प्रारूप में आमने-सामने नजर आएंगी।