Viral Video: 'एक बिहारी सब पर भारी...' विराट कोहली ने वैभव सूर्यवंशी को दिया खास मंत्र, RCB ने खोला वायरल बातचीत का राज
By: सौरभ मिश्रा
Virat kohli Vaibhav Sooryavanshi Video: आईपीएल 2026 फाइनल के 2 दिन बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने उस वायरल पल का राज खोल दिया, जिसका क्रिकेट फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल के बाद विराट कोहली और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के बीच हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था, लेकिन उसमें आवाज नहीं थी। अब आरसीबी ने उसी वीडियो का ऑडियो जारी कर दिया।
43 सेकेंड के इस वीडियो में विराट कोहली 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को आत्मविश्वास और मेहनत की अहमियत समझाते नजर आ रहे। कोहली ने युवा बल्लेबाज से कहा कि अब उन्हें और ऊंचाइयों तक पहुंचना है और लोगों की बातों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है।
𝗧𝗵𝗲 𝗺𝗮𝗻 𝘄𝗵𝗼 𝗺𝗮𝗱𝗲 𝗜𝗻𝗱𝗶𝗮𝗻 𝗰𝗿𝗶𝗰𝗸𝗲𝘁 𝗳𝗲𝗮𝗿𝗹𝗲𝘀𝘀 🤝 𝘁𝗵𝗲 𝗯𝗼𝘆 𝘄𝗵𝗼 𝗯𝗮𝘁𝘀 𝗳𝗲𝗮𝗿𝗹𝗲𝘀𝘀 🫶💪
— Royal Challengers Bengaluru (@RCBTweets) June 3, 2026
The best piece of advice the 15-year old Vaibhav Suryavanshi could get! And who better than Virat Kohli to help fuel his fire in the right direction.… pic.twitter.com/MUqCRBo0la
कोहली ने वैभव को क्या कहा था?
कोहली को वीडियो में कहते सुना जा सकता है, 'यहां से ऊपर जाना है। जो हुआ है, वो अच्छी मेहनत और बिलीफ की वजह से हुआ है। कौन क्या बोल रहा है, कैसे बोल रहा है... एक बिहारी सब पर भारी। खत्म गेम।'
विराट ने वैभव को अपने खेल पर ध्यान देने को कहा
विराट की बातें सुनते हुए वैभव काफी ध्यान से उनकी सलाह लेते दिखाई दिए। आरसीबी ने इस वीडियो को शेयर करते हुए खास कैप्शन भी लिखा। फ्रेंचाइजी ने लिखा, 'जिस खिलाड़ी ने भारतीय क्रिकेट को निडर बनाना सिखाया और वह लड़का जो निडर होकर बल्लेबाजी करता है। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को इससे बेहतर सलाह नहीं मिल सकती थी। विराट कोहली से बेहतर कौन हो सकता है, जो उनकी ऊर्जा को सही दिशा दे सके।'
यह पहला मौका नहीं है जब कोहली और वैभव की मुलाकात चर्चा में आई हो। इससे पहले गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स और RCB के मुकाबले के बाद भी विराट ने वैभव से मुलाकात की थी। उस दौरान उन्होंने वैभव की ऑरेंज कैप पर ऑटोग्राफ भी दिया था और एक छोटा सा संदेश लिखा था। इसके बाद जब-जब वैभव ऑरेंज कैप की रेस में शीर्ष पर पहुंचे, वह गर्व से उसी साइन की हुई कैप पहनकर नजर आए।
हालांकि राजस्थान रॉयल्स फाइनल तक नहीं पहुंच सकी थी, लेकिन वैभव सूर्यवंशी फाइनल मुकाबला देखने अहमदाबाद पहुंचे थे। वह मैच के दौरान आईसीसी चेयरमैन जय शाह के साथ स्टैंड्स में बैठे दिखाई दिए।
वैभव ने ऑरेंज कैप जीती थी
आईपीएल 2026 वैभव के लिए यादगार रहा। उन्होंने 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की। 237 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट के लिए उन्हें सुपर स्ट्राइकर अवॉर्ड मिला। पूरे सीजन में 72 छक्के लगाकर उन्होंने एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी बनाया और मोस्ट सिक्सेस अवॉर्ड जीता।
इसके अलावा उन्हें मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर और इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन का सम्मान भी मिला। महज 15 साल की उम्र में पांच बड़े अवॉर्ड जीतकर वैभव ने आईपीएल 2026 को अपने नाम कर लिया और क्रिकेट जगत को यह संकेत दे दिया कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य बेहद उज्ज्वल है।