जैसा सोचा-वैसा ही हुआ... 35 बॉल पर शतक लगाने से पहले प्लानिंग बना चुके थे अभिषेक; इस पारी का श्रेय किसे दिया?

Hari Bhoomi NaN days ago

By: Shubham Laad

abhishek-sharma-113-runs-century-strategy-yuvraj-singh-reaction

Abhishek Sharma: टी-20 क्रिकेट में इन दिनों अपने बल्ले से जमकर धमाल मचा रहे अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी-20 में एक बार फिर धमाका किया। उन्होंने 35 गेंदों पर अपने टी-20 करियर की चौथी सेंचुरी ठोक दी। 

अभिषेक ने कीवी गेंदबाजों की इस तरह पिटाई की। मानो वह नेट बॉलर्स के खिलाफ प्रैक्टिस कर रहे हों। 38 बॉल पर 113 रन की पारी में उन्होंने 11 छक्के और 9 चौके लगाए। यह अभिषेक की तूफानी बल्लेबाजी का ही कमाल रहा कि भारत ने पहली मर्तबा 5 ओवर में 100 स्कोरबोर्ड पर टांग दिए। इससे पहले 2.2 ओवर में ही टीम इंडिया का अर्धशतक पूरा हो गया था। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि भारत की जीत के सबसे बड़े हीरो अभिषेक शर्मा ही रहे।  

अभिषेक ने शानदार पारी को लेकर खुलकर बात की है। उन्होंने किस तरह इस पारी की पहले से प्लानिंग की और उसे एग्जिक्यूट किया और अपनी पारी का श्रेय किसे दिया। यह भी बताया।   

फिल्डिंग के दौरान ही अभिषेक ने बनाई रणनीति
अभिषेक शर्मा ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के बारे में कहा कि मैं और वैभव मैदान पर अपने समय का आनंद ले रहे थे। जब हम फील्डिंग कर रहे थे, तब हमने देखा कि पिच पर गेंद में थोड़ा अतिरिक्त उछाल मिल रहा था और मैदान का एक तरफ का हिस्सा छोटा था, जहां हम निशाना लगा सकते थे। वैभव ने अच्छी शुरुआत की और फिर हमने उसी लय को आगे बढ़ाया।

इस पारी का श्रेय किसे? 
यह करना इतना आसान नहीं है, लेकिन इसके पीछे तैयारी का बड़ा हाथ है। मैं अपने कोचिंग स्टाफ और साइडआर्म थ्रोअर (अभ्यास के दौरान गेंद फेंकने वाले सहयोगियों) को इसका श्रेय देना चाहूंगा। कल हमारा अभ्यास सत्र अच्छा रहा था और मैं उसी का फायदा उठाना चाहता था। मैंने इस तरह की पारी खेलने की कल्पना की थी और ऐसा ही हुआ।

12 गेंदों में अर्धशतक आसान नहीं
युवराज सिंह के सोशल मीडिया पर मजाक में यह कहने पर कि अभिषेक ने अब तक 12 गेंदों में अर्धशतक नहीं लगाया है पर अभिषेक शर्मा ने कहा- मैं इस बारे में पहले भी कह चुका हूं। मुझे नहीं पता कि उस समय युवराज किस तरह की क्रिकेट खेल रहे थे (हंसते हुए)। अगर कोई खिलाड़ी मैदान पर जाकर इस तरह बल्लेबाजी करना चाहे, तो यह आसान नहीं है। 12 गेंदों में अर्धशतक बनाना आसान नहीं होता। लेकिन हम इन चीजों के बारे में नहीं सोचते। हमारा लक्ष्य सिर्फ अपनी टीम को मैच जिताना होता है।

शतक के बाद अनोखा जश्न, किया मंत्रोच्चार 
चौथा टी-20 शतक ठोकने के बाद अभिषेक ने अनोखे अंदाज में पारी का जश्न मनाया। वह मैदान पर ओम नम: शिवाय की मुद्रा में बैठ गए और मंत्रोच्चार करने लगे। क्रिकेट फैंस को उनका यह खासा पसंद आया।