IND vs NZ 2nd T20I: रोमांचक जीत के बाद अय्यर ने की तिलक-नीतीश की तारीफ, बोले- दोनों ने दिखाया जबरदस्त जज्बा
IND vs NZ दूसरे T20 में भारत की रोमांचक जीत. श्रेयस अय्यर ने मुश्किल हालात में मैच पलटने वाले तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी की जमकर तारीफ की. जानिए उन्होंने क्या कहा?
भारत ने एक गेंद शेष रहते चार विकेट से मुकाबला जीतकर पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली. इस रोमांचक जीत के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने टीम के उन खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की, जिन्होंने मुश्किल परिस्थिति में धैर्य नहीं खोया.
'तिलक और नीतीश ने दिखाया जबरदस्त जज्बा'
मैच के बाद श्रेयस अय्यर ने तिलक वर्मा और नितीश कुमार रेड्डी की तारीफ करते हुए कहा कि दोनों ने दबाव के बीच शानदार चरित्र दिखाया. कप्तान के मुताबिक, लगातार विकेट गिरने के बाद टीम को लगने लगा था कि मुकाबला हाथ से निकल रहा है, लेकिन इन दोनों बल्लेबाजों ने हार नहीं मानी.
अय्यर ने कहा कि टीम के हर खिलाड़ी में मैच जिताने की क्षमता है और इस मुकाबले में इसका शानदार उदाहरण देखने को मिला. उन्होंने तिलक और नीतीश के साथ-साथ नमन धीर की पारी को भी जीत का अहम मोड़ बताया.
नमन धीर ने बदला मैच का रुख
भारत ने 10.5 ओवर में 70 रन तक पांच विकेट गंवा दिए थे. ऐसे वक्त में नमन धीर ने सिर्फ 17 गेंदों में 31 रन ठोककर भारतीय खेमे में उम्मीद जगाई. उनकी पारी में एक चौका और तीन छक्के शामिल रहे.
नमन की इस तेजतर्रार पारी ने तिलक वर्मा को खुलकर खेलने का मौका दिया. इसके बाद तिलक ने महज 26 गेंदों में नाबाद 51 रन बनाए. उन्होंने छह चौके और एक छक्का लगाया. वहीं नितीश कुमार रेड्डी ने 13 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाकर उनका शानदार साथ दिया. दोनों ने मिलकर भारत को जीत की दहलीज तक पहुंचाया.
'नमन धीर शानदार गेंदबाज भी हैं'
श्रेयस अय्यर ने नमन धीर की ऑलराउंड क्षमता की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि नमन ने घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ भी अपनी प्रतिभा दिखाई थी और वह गेंदबाजी में भी काफी प्रभावी हैं.
कप्तान ने कहा कि जब किसी खिलाड़ी के पास बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में योगदान देने की क्षमता हो, तो वह टीम के लिए काफी महत्वपूर्ण बन जाता है. उन्होंने मैदान पर नमन की सक्रियता की भी तारीफ की और उन्हें एक 'कम्प्लीट प्लेयर' बताया.
स्पिनरों के खिलाफ फंसी थी भारतीय बल्लेबाजी
भारत की जीत के बावजूद श्रेयस अय्यर ने टीम की बल्लेबाजी में एक कमी को स्वीकार किया. उन्होंने कहा कि शुरुआत में भारतीय बल्लेबाजों ने काफी डॉट गेंदें खेलीं, जिससे रनरेट पर दबाव बढ़ गया.
न्यूजीलैंड के स्पिनर मिचेल सैंटनर और माइकल ब्रेसवेल ने बीच के ओवरों में भारतीय बल्लेबाजों को खुलकर शॉट खेलने का मौका नहीं दिया. अय्यर ने माना कि इन दोनों गेंदबाजों ने शानदार नियंत्रण के साथ गेंदबाजी की.
उन्होंने कहा कि अगर भारतीय बल्लेबाज गैप तलाशकर कुछ और बाउंड्री लगा पाते, तो लक्ष्य का पीछा ज्यादा आसानी से किया जा सकता था. हालांकि, उन्होंने इसे खेल का हिस्सा बताया और भरोसा जताया कि टीम आगे बेहतर प्रदर्शन करेगी.
न्यूजीलैंड ने बनाए थे 180 रन
इससे पहले टॉस जीतकर भारत ने न्यूजीलैंड को बल्लेबाजी के लिए बुलाया था. भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों में शानदार शुरुआत की और न्यूजीलैंड को पावरप्ले में ही 41 रन पर तीन विकेट के नुकसान पर पहुंचा दिया.
इसके बाद ग्लेन फिलिप्स और बेवन जैकब्स ने पारी को संभाला. दोनों ने चौथे विकेट के लिए 116 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की. फिलिप्स ने 46 गेंदों में 70 रन बनाए, जबकि जैकब्स ने 46 गेंदों में 58 रन की पारी खेली. दोनों की पारियों की बदौलत न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 180/5 का स्कोर खड़ा किया. भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने दो विकेट लिए, जबकि भुवनेश्वर कुमार, प्रिंस यादव और नितीश कुमार रेड्डी को एक-एक सफलता मिली.
एक गेंद बाकी रहते भारत ने पलट दिया मैच
181 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन 40 रन के स्कोर के बाद विकेटों की झड़ी लग गई. 70 रन तक पांच विकेट गंवाने के बाद भारत मुश्किल में था. इसके बाद नमन धीर ने 31 रन की तेज पारी खेलकर मैच में फिर से जान डाल दी.
आखिर में तिलक वर्मा और नितीश कुमार रेड्डी ने जिम्मेदारी संभाली और भारत को एक गेंद बाकी रहते चार विकेट से जीत दिला दी. इस जीत के साथ भारतीय टीम ने पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है.