IPL 2026 Final: हार के दो दिन बाद छलका शुभमन गिल का दर्द, सोशल मीडिया पर साझा किया भावुक संदेश
स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ मिली हार के दो दिन बाद गुजरात टाइटंस (GT) के कप्तान शुभमन गिल ने पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है। गिल ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा करते हुए कहा कि टीम जीत के बेहद करीब पहुंची थी, लेकिन आखिरी कदम पार नहीं कर सकी।
RCB के खिलाफ नहीं बचा सके 156 रन
31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 155 रन बनाए थे। जवाब में विराट कोहली की नाबाद 75 रन की पारी की बदौलत RCB ने लक्ष्य आसानी से हासिल कर लगातार दूसरा IPL खिताब अपने नाम कर लिया।
हार का दर्द बयां किया
हार के बाद पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ते हुए गिल ने लिखा, 'हम बहुत करीब पहुंचे थे, लेकिन जीत की रेखा पार नहीं कर सके। यह हार काफी दर्द देती है और इसकी निराशा अभी भी महसूस हो रही है। लेकिन यह खेल हमें जिंदगी के कई महत्वपूर्ण सबक सिखाता है।'
उन्होंने आगे कहा, 'इस खेल ने मुझे सिखाया है कि हारना असफलता नहीं है, जब तक आप दोबारा उठकर लड़ने के लिए तैयार हैं। अब हमारा अगला लक्ष्य देश के लिए खेलना है।'
फैंस को कहा धन्यवाद
गिल ने गुजरात टाइटंस के समर्थकों का भी आभार जताया। उन्होंने लिखा, 'मैं उन सभी प्रशंसकों का धन्यवाद करना चाहता हूं, जिन्होंने पूरे सीजन में हमारा साथ दिया। आपकी ऊर्जा और समर्थन ने हमें आखिरी क्षण तक लड़ने की ताकत दी।'
बल्ले से शानदार रहा गिल का सीजन
भले ही गुजरात टाइटंस खिताब जीतने से चूक गई, लेकिन कप्तान शुभमन गिल का व्यक्तिगत प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने IPL 2026 में 16 मैचों में 732 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 45.75 और स्ट्राइक रेट 163.02 रहा। गिल ने पूरे सीजन में एक शतक और छह अर्धशतक लगाए। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 53 गेंदों में 104 रन की पारी उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा। उनकी कप्तानी में गुजरात टाइटंस ने फाइनल तक का सफर तय किया, लेकिन खिताब जीतने का सपना अधूरा रह गया।