IND vs NZ: दूसरे टी20 में हार के बाद न्यूजीलैंड में बड़ा बदलाव, अनुभवी तेज गेंदबाज सीरीज से बाहर

Punjabkesari.in NaN days ago
Sports

नई दिल्ली: भारत के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में आखिरी ओवर तक चले रोमांचक मैच में हार झेलने के बाद न्यूजीलैंड ने अपनी तेज गेंदबाजी में बदलाव किए हैं। अनुभवी तेज गेंदबाज मैट हेनरी पिंडली में खिंचाव के कारण बाकी टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। वहीं, लॉकी फर्ग्यूसन और ऑलराउंडर जोश क्लार्कसन भी तीसरे टी20 मुकाबले में उपलब्ध नहीं रहेंगे। ऐसे में न्यूजीलैंड के सामने तीसरे मैच से पहले अपनी प्लेइंग इलेवन को मजबूत करने की चुनौती है।

मैट हेनरी पूरी टी20 सीरीज से बाहर

भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरे टी20 मुकाबले के दौरान मैट हेनरी को पिंडली में खिंचाव महसूस हुआ था। वह दो ओवर गेंदबाजी करने के बाद मैदान से बाहर चले गए। अब उनके वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए उन्हें बाकी टी20 सीरीज से आराम देने का फैसला लिया गया है। हेनरी अब 4 नवंबर से शुरू होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड टीम से जुड़ेंगे। 

तीसरे टी20 में लॉकी फर्ग्यूसन और जोश क्लार्कसन भी नहीं खेलेंगे

न्यूजीलैंड को तीसरे टी20 मुकाबले में लॉकी फर्ग्यूसन और जोश क्लार्कसन की सेवाएं भी नहीं मिलेंगी। दोनों खिलाड़ी इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन सीरीज के आखिरी दो टी20 मुकाबलों में वापसी कर सकते हैं। फर्ग्यूसन को दूसरे टी20 में भी परेशानी का सामना करना पड़ा था। वहीं, क्लार्कसन को अब तक इस सीरीज में खेलने का मौका नहीं मिला है। उनकी वापसी से न्यूजीलैंड को बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों विभागों में अतिरिक्त विकल्प मिल सकता है।

काइल जैमीसन सिर्फ तीसरे टी20 तक रहेंगे उपलब्ध

तेज गेंदबाज काइल जैमीसन तीसरे टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड के लिए उपलब्ध रहेंगे। वह सीरीज के शुरुआती दोनों मैचों में नहीं खेले थे, लेकिन तीसरे मुकाबले में उनके खेलने की संभावना है। हालांकि, जैमीसन 27 अक्टूबर को वेलिंगटन में होने वाले तीसरे टी20 के बाद टीम से रिलीज कर दिए जाएंगे। वह 31 अक्टूबर को सेलो बेसिन रिजर्व में कैंटरबरी की ओर से फोर्ड ट्रॉफी का मुकाबला खेलेंगे। 

मिचेल सैंटनर के सामने सीरीज बचाने की चुनौती

लगातार दो हार के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर के सामने टीम संयोजन सुधारने की चुनौती है। भारत ने पहले मैच में 226 रन का लक्ष्य हासिल किया और दूसरे मैच में भी खराब शुरुआत के बावजूद 181 रन बनाकर जीत दर्ज की। ऐसे में न्यूजीलैंड को अपनी गेंदबाजी रणनीति और डेथ ओवरों के प्रदर्शन पर विशेष ध्यान देना होगा।

न्यूजीलैंड की अपडेटेड टीम

टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, डेरिल मिशेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, मिशेल सेंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, एडम मिल्ने, लॉकी फर्ग्यूसन (चौथे और पांचवें T20I के लिए), ब्लेयर टिकनर, जोश क्लार्कसन (चौथे और पांचवें T20I के लिए), डेवोन कॉनवे, काइल जैमीसन (केवल तीसरे T20I के लिए), जैकब डफी, मैट फिशर (तीसरे T20I के लिए कवर के तौर पर)।