IPL 2026: 210 रन चेज कर जीती पंजाब, लेकिन कप्तान श्रेयस अय्यर पर लगा भारी जुर्माना

Punjabkesari.in NaN days ago
Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेले गए मैच में पंजाब किंग्स ने 210 रन का बड़ा लक्ष्य हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। पंजाब के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच खत्म होने से 8 गेंद पहले ही लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ चेन्नई सुपर किंग्स की टीम IPL 2026 में लगातार हार का सामना कर रही है।

स्लो ओवर रेट के कारण लगा जुर्माना

जीत के बावजूद पंजाब किंग्स को बड़ा झटका लगा। टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर पर स्लो ओवर रेट के कारण 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। यह इस सीजन में टीम की दूसरी गलती थी, इसलिए जुर्माने की रकम बढ़ा दी गई। IPL के आधिकारिक बयान के अनुसार, 'पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर पर चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में स्लो ओवर रेट बनाए रखने के कारण जुर्माना लगाया गया। यह सीजन का दूसरा ओवर रेट अपराध था, इसलिए अय्यर पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। प्लेइंग इलेवन और इम्पैक्ट प्लेयर पर भी मैच फीस का 25 प्रतिशत या 6 लाख रुपये (जो भी कम हो) जुर्माना लगाया गया।'

ओपनर्स की तारीफ में बोले श्रेयस अय्यर

मैच के बाद श्रेयस अय्यर ने टीम के ओपनर्स की जमकर तारीफ की। प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने 4.2 ओवर में 61 रन की तेज साझेदारी कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। अय्यर ने कहा, 'आज जिस तरह हमें शुरुआत मिली, वह हमारे लिए शानदार थी। प्रियांश और प्रभसिमरन ने शुरुआत में ही मैच का रुख बदल दिया और हमारे लिए रन चेज आसान कर दिया। पिछले कुछ सालों से वे जिस तरह बल्लेबाजी कर रहे हैं, वह शानदार है और इससे टीम का रिदम बन जाता है।'

दूसरी गलती पर बढ़ी सजा

इससे पहले भी पंजाब किंग्स स्लो ओवर रेट के मामले में दोषी पाई गई थी, जिसके कारण श्रेयस अय्यर पर पहले 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था। दूसरी बार गलती दोहराने पर जुर्माना बढ़ाकर 24 लाख रुपये कर दिया गया, जबकि टीम के बाकी खिलाड़ियों पर भी जुर्माना लगाया गया।