न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के शुरुआती मैचों से बाहर हुए जोफ्रा आर्चर, बेन स्टोक्स ने किया बचाव

Times Now Hindi NaN days ago
Image
बेन स्टोक्स

लंदन: इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स ने बुधवार को जोफ्रा आर्चर का बचाव करते हुए कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला की शुरुआत में टीम से बाहर होने के बावजूद यह तेज गेंदबाज राष्ट्रीय टीम के प्रति ’पूरी तरह समर्पित’ है। आर्चर बृहस्पतिवार से लॉर्ड्स में शुरू हो रहे पहले टेस्ट मैच में नहीं खेल पाएंगे क्योंकि वह इंडियन प्रीमियर लीग में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल रहे थे और टीम प्ले ऑफ तक पहुंची जहां पिछले हफ्ते दूसरे क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस से हार गई।

मंगलवार को इंग्लैंड के कोच ब्रेंडन मैकुलम ने भी 17 जून से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच में आर्चर की उपलब्धता पर संदेह जताया था। उन्होंने कहा था कि आर्चर ’अभी थोड़ा आराम कर रहे हैं’ और उनकी फिटनेस का आकलन किया जाना बाकी है। कुछ क्रिकेट विशेषज्ञों और पूर्व खिलाड़ियों ने आर्चर की इस बात के लिए आलोचना की है कि उन्होंने इंग्लैंड को प्राथमिकता नहीं दी जबकि उनके पास इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड का केंद्रीय अनुबंध है।

स्टोक्स ने कहा कि वह आर्चर की अनुपलब्धता को लेकर लोगों की निराशा को समझते हैं लेकिन उनका मानना है कि दुनिया भर में फ्रेंचाइजी लीग के बढ़ते चलन को देखते हुए यह आज के क्रिकेट का एक स्वाभाविक हिस्सा है। स्टोक्स ने कहा,'मुझे लगता है कि जोफ्रा और उनकी स्थिति को लेकर लोग जो भी बातें कह रहे हैं वे उस दौर के क्रिकेट के माहौल से जुड़ी हैं जब वे खुद खेला करते थे।'

उन्होंने कहा,'अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। आज क्रिकेट खिलाड़ियों के पास ऐसे अवसर उपलब्ध हैं जो 10, 15 या 20 साल पहले नहीं थे। हां, अगर सब कुछ आदर्श होता तो यह बहुत ही शानदार होता कि हमें हर मौके पर अपनी पसंद के सभी खिलाड़ी उपलब्ध मिलते। लेकिन फिलहाल क्रिकेट का स्वरूप ऐसा नहीं है। खिलाड़ियों के लिए अब क्रिकेट की दुनिया में और भी बहुत कुछ मौजूद है।' स्टोक्स ने कहा कि इंग्लैंड आर्चर जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को खोने का जोखिम नहीं उठाना चाहता।

क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स ... और देखें

End of Article