आखिर रांची में ही क्यों रहते हैं MS Dhoni? इंटरव्यू में बताई दिल की बात
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने रांची में रहने का कारण बताया है। उन्होंने कहा कि रांची से उनका दिल का रिश्ता है और ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, रांची। प्राय: देखा जाता है कि कोई भी खिलाड़ी बड़ा स्टार बन जाता है तो अपने जन्म स्थान को छोड़ विदेश में अपना आशियाना बना लेता है। लेकिन, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इनसे अलग है।
उनसे कई बार पूछा गया कि आप रांची में क्यों रहते हैं? हर बार धोनी ने जवाब दिया कि रांची से मेरा दिल का रिश्ता है और मैं वहां के गली-गली से वाकिफ हूं।
MS Dhoni द्वारा पिछले दिनों दिए एक इंटरव्यू में जब धोनी से पूछा गया कि जब बड़े-बड़े प्लेयर स्टार बन जाते हैं, तब वह बड़े शहरों के रुख करते हैं। लेकिन, आपने अभी तक रांची को नहीं छोड़ा है?
इस पर माही ने जवाब दिया कि रांची में पला बढ़ा हूं। यहां के हर गली गली से वाकिफ हू। रांची छोटा शहर है। घर से बाहर निकलो स्टेडियम पहुंच जाओ, स्टेडियम से बाहर निकलो दोस्त के घर पहुंच जाओ और पांच मिनट में अपना घर वापस लौट आओ। फिर दो घंटे बाद घर से कहीं और चले जाओ और फिर एक घंटे बाद घर आ जाओ।
मतलब कि आप यहां पर आसानी से 15-20 मिनट में कहीं भी जा सकते हैं। महानगर में यह चीज देखने को नहीं मिलती है। बचपन से मैं यहां रहा हूं।
यहां पर क्या था कि घर से निकलते स्कूल जाता था और स्कूल के बगल में ग्राउंड था और उसी के बगल में हॉस्पिटल भी था, मतलब एक किलोमीटर के दायरे में सब कुछ था तो मुझे ऐसी जिंदगी जीने की आदत है।
बहुत ज्यादा भागदौड़, ट्रैफिक जाम, यह सब पसंद नहीं। शांति से खाली सड़क में अपने बाइक को दौड़ाना पसंद है। यही कारण है कि रांची को नहीं छोड़ा और न छोड़ूंगा। कहा, यहां पर जब मन करता है, पसंद गाड़ी से निकल जाते हैं।