AUS vs SA: ऑस्ट्रेलिया को निर्णायक टेस्ट से पहले बड़ा झटका, स्टीव स्मिथ की फिटनेस पर सस्पेंस; दो खिलाड़ी टीम से बाहर
By: Shubham Laad
Steve Smith Fitness Test, AUS vs SA: ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज का निर्णायक मुकाबला केपटाउन में खेला जाएगा। इस अहम मैच से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ की फिटनेस को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। गर्दन की चोट से जूझ रहे स्मिथ को मुकाबले से पहले फिटनेस टेस्ट पास करना होगा। वहीं, टीम मैनेजमेंट ने सलामी बल्लेबाज निक मैडिनसन को टीम से रिलीज कर दिया है। विकेटकीपर सैम हार्पर भी स्वदेश लौट रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे बड़ी चिंता स्मिथ की चोट है। उन्हें गकेबेरहा में खेले गए मुकाबले के दौरान गर्दन में परेशानी हुई थी। अब केपटाउन टेस्ट में उनकी उपलब्धता सोमवार को होने वाले नेट सेशन पर निर्भर करेगी।
स्मिथ ने बिना हेलमेट के सिर्फ 15 मिनट की बल्लेबाजी
स्टीव स्मिथ ने रविवार को अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया, लेकिन वह ज्यादा देर बल्लेबाजी नहीं कर सके। उन्होंने बिना हेलमेट पहने बल्लेबाजी कोच माइकल डि वेनुटो की साइड-आर्म थ्रो पर करीब 15 मिनट तक अभ्यास किया। अब सोमवार को उन्हें पूरा नेट सेशन करना होगा। इसके बाद ही तय होगा कि वह निर्णायक मुकाबले में खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं या नहीं।
ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने स्मिथ की फिटनेस पर कहा कि टीम को उनकी रिकवरी में तेजी से सुधार की उम्मीद है। हालांकि, सोमवार के अभ्यास में कोई परेशानी सामने आती है तो अंतिम एकादश में बदलाव करना पड़ सकता है।
निक मैडिनसन की छुट्टी, मैट रेनशॉ की वापसी तय
ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ताओं ने सलामी बल्लेबाज निक मैडिनसन को टेस्ट टीम से रिलीज कर दिया है। वह ऑस्ट्रेलिया लौट रहे हैं, जहां शुक्रवार से शुरू होने वाले शेफील्ड शील्ड मुकाबले में न्यू साउथ वेल्स के लिए उपलब्ध रहेंगे।
मैडिनसन की टेस्ट टीम में वापसी काफी चौंकाने वाली रही थी, लेकिन वह इस मौके का फायदा नहीं उठा सके। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज की चार पारियों में उन्होंने क्रमशः 0, 48, 0 और 8 रन बनाए। उनके बाहर होने के बाद मैट रेनशॉ की प्लेइंग इलेवन में वापसी लगभग तय मानी जा रही है। रेनशॉ सलामी बल्लेबाज के तौर पर ट्रेविस हेड के साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं।
सैम हार्पर भी लौटेंगे ऑस्ट्रेलिया
विकेटकीपर सैम हार्पर को भी टेस्ट टीम से रिलीज कर दिया गया है। हार्पर को जोश इंग्लिस की उंगली में फ्रैक्चर होने के बाद बैकअप विकेटकीपर के तौर पर टीम में शामिल किया गया था। हालांकि, अब इंग्लिस को विकेटकीपिंग करने की मंजूरी मिल गई है।
ऐसे में अगर एलेक्स कैरी को किसी तरह की परेशानी होती है तो इंग्लिस विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। हार्पर शनिवार से क्वींसलैंड के खिलाफ शुरू होने वाले शेफील्ड शील्ड मुकाबले में विक्टोरिया की ओर से खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे।
स्मिथ बाहर हुए तो लाबुशेन को मिल सकता है जीवनदान
स्टीव स्मिथ की फिटनेस का असर मार्नस लाबुशेन के भविष्य पर भी पड़ सकता है। लाबुशेन पिछले कुछ समय से नंबर-3 पर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे हैं। ऐसे में टीम में उनकी जगह को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, अगर स्मिथ निर्णायक टेस्ट से बाहर होते हैं तो लाबुशेन को प्लेइंग इलेवन में बनाए रखा जा सकता है।
ऑस्ट्रेलिया के मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने लाबुशेन के प्रदर्शन पर कहा कि उनकी बल्लेबाजी में कुछ अच्छी चीजें देखने को मिली हैं, लेकिन वह लगातार 30 रन के आसपास पहुंचकर रुक रहे हैं। बेली के मुताबिक, चयनकर्ताओं को यह देखना होगा कि लाबुशेन की बल्लेबाजी से टीम को कितना फायदा मिल रहा है और क्या वह दूसरे बल्लेबाजों के साथ मिलकर टीम को बेहतर स्थिति में पहुंचा पा रहे हैं।
मैडिनसन के लिए बंद नहीं हुए टेस्ट टीम के दरवाजे
जॉर्ज बेली ने निक मैडिनसन को टीम में शामिल करने के फैसले का बचाव किया। उन्होंने कहा कि मैडिनसन से ज्यादा रनों की उम्मीद थी, लेकिन दक्षिण अफ्रीका दौरे पर उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। बेली ने बताया कि डरबन टेस्ट की दूसरी पारी में मैडिनसन ने अपनी बल्लेबाजी की झलक दिखाई थी। उन्होंने यह भी साफ किया कि टीम से रिलीज किए जाने का मतलब उनके टेस्ट करियर का अंत नहीं है।
चयनकर्ताओं के मुताबिक, मैडिनसन को भविष्य में भी मौका मिल सकता है। भारत के खिलाफ आगामी घरेलू सीरीज के लिए टीम चुनते समय उनके प्रदर्शन पर विचार किया जाएगा।
फिलहाल ऑस्ट्रेलियाई टीम का पूरा ध्यान केपटाउन में होने वाले निर्णायक टेस्ट पर है। चयनकर्ताओं को सोमवार सुबह अंतिम एकादश तय करनी थी, जबकि दोपहर में न्यूलैंड्स मैदान पर टीम का आखिरी अभ्यास सत्र निर्धारित था। स्मिथ की फिटनेस रिपोर्ट के बाद ही ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन की तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी।