Rajat Patidar: शादी रोकना बना रजत पाटीदार के लिए वरदान, ऐसे बने IPL चैंपियन कप्तान

tv9hindi NaN days ago

RCB Captain Rajat Patidar: रजत पाटीदार की कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इतिहास रच दिया है. आरसीबी की टीम आईपीएल में लगातार दूसरी बार चैंपियन बनी है, जिसमें पाटीदार का अहम योगदान है.

Rajat Patidar: शादी रोकना बना रजत पाटीदार के लिए वरदान, ऐसे बने IPL चैंपियन कप्तान
रजत पाटीदार ऐसे बने IPL चैंपियन कप्तान. (फोटो- PTI)

RCB Captain Rajat Patidar: आईपीएल के मंच पर जब भी कोई खिलाड़ी अपनी कड़ी मेहनत से टीम की तकदीर बदलता है, तो इतिहास उसे सुनहरे अक्षरों में याद रखता है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान और स्टार बल्लेबाज रजत पाटीदार के लिए भी यह बात बिल्कुल सच साबित होती है. रजत पाटीदार एक समय आईपीएल में जगह बनाने के लिए जूझ रहे थे, लेकिन जब बीच सीजन उनकी किस्मत ने साथ दिया तो सब बदलकर रख दिया. रजत पाटीदार ने मौके का पूरा फायदा उठाया और फिर कप्तान बदलते ही आरसीबी को जीरो से हीरो बना दिया.

RCB के साथ IPL करियर की शुरुआत

रजत पाटीदार के आईपीएल करियर की शुरुआत साल 2021 में आरसीबी के साथ ही हुई थी. लेकिन साल 2021 से लेकर 2026 तक का उनका यह सफर किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है, जहां उन्होंने चोट और मुश्किलों को मात देकर आरसीबी को 2 चैंपियन टीम बनाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई है. दरअसल, रजत पाटीदार को साल 2021 में आरसीबी ने पहली बार अपने पाले में शामिल किया था. यह उनके एक बड़े सफर की सिर्फ शुरुआत भर थी. लेकिन साल 2022 से पहले उन्हें रिलीज कर दिया गया था और ऑक्शन में उन पर किसी ने दांव नहीं लगाया था.

शादी रोकना बना पाटीदार के लिए वरदान

साल 2022 रजत पाटीदार के करियर के लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. दरअसल, ऑक्शन में खरीदार ना मिलने के बाद उनकी किस्मत ने एक नया मोड़ लिया. उन्हें सीजन के बीच में RCB टीम के साथ जुड़ने का मौका मिला.रजत पाटीदार को आरसीबी ने चोटिल विकेटकीपर लवनीत सिसोदिया के रिप्लेसमेंट के तौर पर साइन किया. उन्होंने इस मौके को दोनों हाथों से लपका और एलिमिनेटर जैसे बड़े नॉकआउट मैच में एक यादगार और तूफानी शतक जड़कर टीम को आगे पहुंचाया. इस पारी के बाद मानो उनकी किस्मत बदल सी गई. खास बात ये भी थी कि रजत ने आरसीबी के साथ जुड़ने के लिए अपनी शादी रोकी थी.

दरअसल, ऑक्शन में अनसोल्ड रहने के बाद शादी करने का फैसला कर लिया था. शादी की तारीख 9 मई 2022 रखी गई थी और सारी तैयारी हो गई थीं. लेकिन शादी के चंद दिनों पहले आरसीबी के कैंप से उनके पास फोन आया और रिप्लेसमेंट के तौर पर जुड़ने का ऑफर मिला. जिसके चलते उन्होंने शादी को स्थगित करके क्रिकेट को चुना और आरसीबी के साथ जुड़ गए. लेकिन जब वह अपने करियर के सबसे बेहतरीन फॉर्म में थे, तब एक गंभीर चोट के कारण उन्हें पूरे 2023 सीजन से बाहर बैठना पड़ा. आरसीबी को उस साल उनकी कमी काफी खली. हालांकि, चोट से उबरकर जब उन्होंने 2024 में वापसी की, तो उनका अंदाज और भी आक्रामक हो चुका था. उन्होंने इस सीजन में 177 के बेमिसाल स्ट्राइक रेट के साथ कुल 395 रन कूटे और टीम के मिडिल ऑर्डर की जान बने.

Rajat Ipl Journey
RCB को सोने में बदलने वाला रजत.

साल 2025 में बने कप्तान

यह साल आरसीबी के इतिहास में दर्ज हो गया. सीजन से पहले टीम ने रजत पाटीदार को कप्तान बनाने का ऐलान किया और सब कुछ बदल गया. रजत पाटीदार की शानदार कप्तानी के दम पर आरसीबी ने सालों से चले आ रहे आईपीएल ट्रॉफी के सूखे को आखिरकार खत्म किया और पहली बार चैंपियन बनी. इस साल भी रजत का जलवा बरकरार रहा. उन्होंने अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर आरसीबी को लगातार दूसरे साल आईपीएल के फाइनल में पहुंचाया और टीम को दोबारा चैंपियन बनाने में अहम योगदान दिया. जिसके चलते आरसीबी को चैंपियन टीम में तब्दील करने वाले रजत पाटीदार आज बेंगलुरु के सबसे बड़े सुपरस्टार्स में से एक बन चुके हैं.

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.