अनकैप्ड ऑलराउंडर आशुतोष शर्मा ने वन-डे कप के लिए हैम्पशायर के साथ किया करार

Punjabkesari.in NaN days ago
Sports

नई दिल्ली : इंग्लिश काउंटी क्लब ने घोषणा की है कि भारत के अनकैप्ड बैटिंग ऑलराउंडर आशुतोष शर्मा ने पुरुषों के वन-डे कप के आगामी सीजन के लिए हैम्पशायर की ओर से खेलने का करार किया है। 27 वर्षीय आशुतोष इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हैं। यह फ्रेंचाइजी GMR ग्रुप की सह-स्वामित्व वाली है, जिसके पास हैम्पशायर का भी मालिकाना हक है। 

आशुतोष ने पिछले दो IPL सीजन में DC के लिए 350 से ज्यादा रन बनाए हैं जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 170 और औसत 31.25 रहा है। हैम्पशायर के क्रिकेट डायरेक्टर जाइल्स व्हाइट ने सोमवार को एक बयान में कहा, 'हम वन-डे कप के लिए आशुतोष को साइन करके बहुत खुश हैं। वह बहुत काबिल खिलाड़ी हैं और हाल ही में IPL में दिल्ली कैपिटल्स के लिए अच्छा खेले हैं, इसलिए उन्हें पता है कि ऊंचे स्तर पर कैसा प्रदर्शन करना होता है। हम टीम में उनका स्वागत करने और हैम्पशायर की जर्सी में उन्हें खेलते हुए देखने के लिए उत्साहित हैं, क्योंकि हम इस टूर्नामेंट में पिछले साल से बेहतर प्रदर्शन करना चाहते हैं।' 

आशुतोष तब चर्चा में आए जब उन्होंने भारतीय घरेलू क्रिकेट में किसी भारतीय खिलाड़ी द्वारा सबसे तेज टी20 फिफ्टी लगाई - उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ रेलवेज के लिए सिर्फ 11 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की। आशुतोष ने 2017 में मध्य प्रदेश के साथ अपना घरेलू करियर शुरू किया था और बाद में रेलवेज में चले गए, उन्होंने सभी फॉर्मेट में कुल 92 मैच खेले हैं। उन्होंने 50 ओवर वाले फॉर्मेट में 21 लिस्ट ए मैचों में 458 रन बनाए हैं और दो विकेट लिए हैं।

उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में पंजाब किंग्स के लिए खेलने का मौका मिला, जहां उन्होंने 'इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट' के तौर पर यादगार डेब्यू किया और 17 गेंदों में 31 रन बनाए। बाद में DC ने 2025 सीजन से पहले आशुतोष को 3.80 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया। आशुतोष के अलावा भारत के सीनियर लेग-स्पिनर युजवेंद्र चहल भी वन-डे कप में खेलते हुए दिख सकते हैं क्योंकि नॉर्थम्प्टनशायर ने 'X' पर उनकी प्रैक्टिस सेशन में शामिल होने की एक तस्वीर पोस्ट की है।